2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलेंगे भुवनेश्वर कुमार? टीम इंडिया में वापसी पर दिग्गज गेंदबाज ने खुद तोड़ी चुप्पी

भुवनेश्वर कुमार ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप और टीम इंडिया में वापसी को लेकर अपनी सोच साफ कर दी है। लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज ने कहा कि अब उनका लक्ष्य सिर्फ क्रिकेट का आनंद लेना है।
2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलेंगे भुवनेश्वर कुमार? टीम इंडिया में वापसी पर दिग्गज गेंदबाज ने खुद तोड़ी चुप्पी

भारतीय क्रिकेट के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप और टीम इंडिया में वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया है। दरअसल उन्होंने साफ कहा है कि अब उनकी प्राथमिकता भारतीय टीम में वापसी नहीं है। वह सिर्फ क्रिकेट के प्रति अपने प्यार और जुनून की वजह से खेल रहे हैं। उनके इस बयान के बाद उनके भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं पर काफी हद तक विराम लग गया है।

दरअसल भुवनेश्वर कुमार पिछले कई सालों से घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार खेल रहे हैं लेकिन नवंबर 2022 के बाद उन्हें भारतीय टीम में मौका नहीं मिला। इसके बावजूद उन्होंने कभी सार्वजनिक रूप से चयन को लेकर नाराजगी नहीं जताई। हाल ही में भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए संभावित भारतीय टीम में उनका नाम शामिल करने की बात कही थी। इसके बाद उनके भविष्य को लेकर चर्चा तेज हो गई थी, लेकिन अब खुद भुवनेश्वर ने अपनी मंशा स्पष्ट कर दी है।

भुवनेश्वर कुमार बोले – अब कुछ साबित करने की जरूरत नहीं

दरअसल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि वह अब किसी के सामने खुद को साबित करने के दबाव में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम के लिए खेलना उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक रहा है और वह उस सफर को गर्व के साथ देखते हैं। अगर भविष्य में फिर कभी मौका मिलता है तो वह उसका स्वागत करेंगे, लेकिन अब उनका पूरा ध्यान सिर्फ अच्छा क्रिकेट खेलने पर है।

भुवनेश्वर ने यह भी कहा कि उम्र और अनुभव के साथ उनकी सोच बदल चुकी है। पहले लक्ष्य भारतीय टीम में जगह बनाना था, लेकिन अब उनका नजरिया अलग है। उनका मानना है कि खिलाड़ी को उन चीजों पर ध्यान देना चाहिए जो उसके नियंत्रण में हों। यही वजह है कि वह अब फिटनेस, अनुशासन और प्रदर्शन पर फोकस कर रहे हैं। उनके मुताबिक क्रिकेट उनके लिए सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जुनून है और इसी कारण वह घरेलू क्रिकेट तथा आईपीएल में पूरी प्रतिबद्धता के साथ खेल रहे हैं।

IPL में अनुभव बना ताकत

वहीं भुवनेश्वर कुमार पिछले दो आईपीएल सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा रहे हैं और अपनी स्विंग गेंदबाजी से लगातार प्रभाव छोड़ते रहे हैं। नए गेंद से विकेट लेने की उनकी क्षमता आज भी उन्हें खास बनाती है। हालांकि भारतीय टीम में अब युवा तेज गेंदबाजों को लगातार मौके मिल रहे हैं और चयनकर्ता भविष्य की टीम तैयार करने पर भी ध्यान दे रहे हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews