ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026: कार्लोस अल्काराज ने जोकोविच को हराकर रचा इतिहास, बने सबसे युवा करियर ग्रैंड स्लैम विजेता

स्पेन के 22 वर्षीय कार्लोस अल्काराज ने ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में नोवाक जोकोविच को मात देकर अपना पहला ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीता है। इस जीत के साथ वह करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले दुनिया के सबसे युवा टेनिस खिलाड़ी बन गए हैं।
ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026: कार्लोस अल्काराज ने जोकोविच को हराकर रचा इतिहास, बने सबसे युवा करियर ग्रैंड स्लैम विजेता

स्पेन के युवा टेनिस सनसनी कार्लोस अल्काराज ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के फाइनल मुकाबले में सर्बिया के दिग्गज नोवाक जोकोविच को हराकर अपना पहला ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीता। इस जीत के साथ ही 22 वर्षीय अल्काराज करियर ग्रैंड स्लैम (चारों ग्रैंड स्लैम खिताब) जीतने वाले दुनिया के सबसे युवा पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं।

वर्ल्ड नंबर-1 अल्काराज ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि चार सेट तक चले कड़े मुकाबले में हासिल की। उन्होंने जोकोविच को 2-6, 6-2, 6-3, 7-5 से शिकस्त दी। यह अल्काराज का पहला ऑस्ट्रेलियन ओपन टाइटल है, जिससे उनकी ट्रॉफी कैबिनेट अब पूरी हो गई है।

पिछड़ने के बाद की शानदार वापसी

फाइनल मैच की शुरुआत अल्काराज के लिए अच्छी नहीं रही। अनुभवी जोकोविच ने पहला सेट आसानी से 6-2 से अपने नाम कर लिया। लेकिन इसके बाद स्पेनिश खिलाड़ी ने जबरदस्त वापसी की। उन्होंने अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए ड्रॉप शॉट्स और तेज मूवमेंट का बेहतरीन इस्तेमाल किया, जिससे जोकोविच पर दबाव बढ़ता गया।

अल्काराज ने दूसरा सेट 6-2 और तीसरा सेट 6-3 से जीतकर मैच में 2-1 की बढ़त बना ली। चौथे सेट में जोकोविच ने वापसी की पूरी कोशिश की और मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया। अंत में अल्काराज ने 7-5 से सेट और मैच जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।

टेनिस के इतिहास में नया अध्याय

कार्लोस अल्काराज यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के नौवें पुरुष खिलाड़ी हैं। उन्होंने महज 22 साल की उम्र में यह कारनामा कर दिखाया है, जो एक नया रिकॉर्ड है। इससे पहले वह दो बार फ्रेंच ओपन, दो बार विम्बलडन और दो बार यूएस ओपन का खिताब जीत चुके थे।

वहीं, अपने 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब की तलाश में उतरे नोवाक जोकोविच का इंतजार और बढ़ गया है। उनका आखिरी ग्रैंड स्लैम खिताब 2023 में यूएस ओपन के रूप में आया था।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews