
सिंगापुर में आयोजित आईसीसी की हालिया बैठक ने क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी दी है. लगभग एक दशक के बाद टी20 चैंपियंस लीग (सीएलटी20) की वापसी होने जा रही है। यह फ्रेंचाइजी आधारित टूर्नामेंट सितंबर 2026 में नए अवतार में लौटेगा. यह खबर क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है, क्योंकि यह टूर्नामेंट दुनिया भर की टॉप टी20 फ्रेंचाइजी टीमों को एक मंच पर लाएगा।
टी20 चैंपियंस लीग का गौरवशाली इतिहास
टी20 चैंपियंस लीग की शुरुआत 2008 में हुई थी और यह 2014 तक चली। इस टूर्नामेंट का उद्देश्य फुटबॉल की यूईएफए चैंपियंस लीग की तर्ज पर दुनिया की बेस्ट टी20 फ्रेंचाइजी टीमों को एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला कराना था। इसमें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल), बिग बैश लीग (बीबीएल), और साउथ अफ्रीका की राम स्लैम टी20 चैलेंज जैसी लीगों की टीमें हिस्सा लेती थीं। भारतीय फ्रेंचाइजियों ने इस टूर्नामेंट में दबदबा बनाया, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और मुंबई इंडियंस (एमआई) ने दो-दो खिताब जीते। आखिरी सीजन 2014 में सीएसके ने एमएस धोनी की कप्तानी में जीता था।
हालांकि, टेलीविजन रेटिंग्स में कमी और वित्तीय नुकसान के कारण टूर्नामेंट को 2014 में बंद कर दिया गया। उस समय ब्रॉडकास्टर ईएसपीएन स्टार ने करीब 1 बिलियन डॉलर के निवेश के बाद इसे बंद करने का फैसला किया था। लेकिन पिछले एक दशक में टी20 क्रिकेट पूरी तरह बदल चुका है। आईपीएल, पीएसएल, एसए20, आईएलटी20 और मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) जैसी लीगों की लोकप्रियता ने वैश्विक फ्रेंचाइजी क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। यही कारण है कि अब इस टूर्नामेंट को फिर से शुरू करने की मांग जोर पकड़ रही थी।
2026 में नया अवतार के साथ होगी वापसी
सिंगापुर में हुई आईसीसी की वार्षिक बैठक में प्रमुख क्रिकेट बोर्ड, जैसे बीसीसीआई, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया, और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी), ने इस टूर्नामेंट की वापसी का समर्थन किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह टूर्नामेंट सितंबर 2026 में शुरू होगा और इसमें आईपीएल, बीबीएल, पीएसएल, एसए20, और इंग्लैंड की द हंड्रेड जैसी लीगों की टीमें शामिल हो सकती हैं।
