
आज से भारत में घरेलू क्रिकेट का आगाज हो चुका है। आज दलीप ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सेंट्रल जोन और नॉर्थ ईस्ट जोन के बीच भिड़ंत शुरू हुई है। इस मुकाबले के पहले दिन सेंट्रल जोन ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। बता दें कि यह मुकाबला बीसीसीआई सीईजी ग्राउंड बी पर खेला जा रहा है। पहले ही दिन सेंट्रल जोन की टीम ने मात्र दो विकेट के नुकसान पर 432 रन बना दिए।
इस मुकाबले में सबसे ज्यादा चर्चाएं दानिश मालेवार ने बटोरी हैं। दानिश मालेवार 198 रन बनाकर नाबाद लौटे। वहीं कप्तान रजत पाटीदार ने 125 रन की शानदार पारी खेली, जबकि आर्यन जुयाल ने 60 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
क्या रच पाएंगे इतिहास?
जानकारी के लिए बता दें कि दानिश मालेवार विदर्भ के लिए क्रिकेट खेलते हैं, लेकिन दिलीप ट्रॉफी में उन्हें सेंट्रल जोन की टीम में जगह दी गई है। पहले ही मैच में इस खिलाड़ी ने रिकॉर्ड तोड़ पारी खेली है। बता दें कि दानिश मालेवार दलीप ट्रॉफी के डेब्यू मुकाबले में शतक लगाने वाले विदर्भ के पहले बल्लेबाज बन चुके हैं। अगर वे दो रन और बना लेते हैं तो एक और इतिहास रच देंगे। पहले दिन खराब रोशनी के कारण खेल को जल्द ही रोक दिया गया। सेंट्रल जोन की टीम ने मात्र 77 ओवर ही बल्लेबाजी की। इस दौरान टीम के दो विकेट गिरे। दिन के अंत तक दानिश मालेवार के साथ यश राठौर 32 रन बनाकर नाबाद लौटे।
कौन है दानिश मालेवार ?
इस शानदार पारी के बाद दानिश मालेवार को लेकर लोग चर्चा करने लगे। बता दें कि दानिश मालेवार बचपन से ही क्रिकेटर बनना चाहते थे। छोटी उम्र में उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। उनकी तकनीक और कलाकारी ने चयनकर्ताओं को भी प्रभावित किया। शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें कम उम्र में ही विदर्भ की आयु वर्ग की टीम में जगह मिल गई। साथ ही जल्द ही उन्हें रणजी ट्रॉफी खेलने का मौका भी मिल गया। जनवरी 2020 में उन्होंने रणजी ट्रॉफी में विदर्भ के लिए डेब्यू किया था। बता दें कि दानिश मालेवार ने रणजी ट्रॉफी फाइनल 2025 में केरल के खिलाफ 153 और 73 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेली थीं। इस पारी के चलते ही विदर्भ की टीम ने खिताब जीता था। अब देखना होगा कि क्या दानिश मालेवार दलीप ट्रॉफी में पहले ही मुकाबले में डबल हंड्रेड लगा पाते हैं या नहीं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

