आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए स्मृति मंधाना, लौरा वोल्वार्ड्ट और एश्ले गार्डनर हुई नॉमिनेट, विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में स्मृति ने बनाए थे 434 रन

आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इन टीमों को सेमीफाइनल में पहुंचाने के लिए सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन स्मृति मंधाना, साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट और ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था, जिसके चलते अब उन्हें आईसीसी की ओर से प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए नॉमिनेट किया गया है।
आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए स्मृति मंधाना, लौरा वोल्वार्ड्ट और एश्ले गार्डनर हुई नॉमिनेट

आईसीसी ने स्मृति मंधाना को प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए नॉमिनेट किया है। दरअसल, आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में स्मृति मंधाना ने शानदार प्रदर्शन किया था। स्मृति मंधाना के बल्ले से पूरे टूर्नामेंट में 434 रन निकले थे। शानदार प्रदर्शन के चलते ही भारत ने पहली बार आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था। 2 नवंबर को भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका विमेंस टीम को 52 रनों से हराकर फाइनल में जीत दर्ज की थी और खिताब अपने नाम किया था।

भारत की शुरुआत टूर्नामेंट में बेहद शानदार रही थी, लेकिन बीच में भारत की रफ्तार पूरी तरह से बिगड़ गई थी। हालांकि, स्मृति मंधाना ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया और अंत में भारत ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया था। सेमीफाइनल मुकाबले में भी स्मृति मंधाना ने शानदार पारी खेली थी और भारत को फाइनल तक पहुंचाया था।

तीन खिलाड़ियों को नॉमिनेट किया गया

बता दें कि आईसीसी की ओर से प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए तीन खिलाड़ियों को नॉमिनेट किया गया है, जिसमें भारत की स्मृति मंधाना के अलावा साउथ अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ड्ट और ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर शामिल हैं। तीनों खिलाड़ियों ने विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था। साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में लौरा वोल्वार्ड्ट ने भारत के खिलाफ 101 रनों की शानदार पारी खेली थी, जबकि सेमीफाइनल मुकाबले में भी इंग्लैंड के खिलाफ 169 रनों की पारी खेलकर सभी को हैरान किया था।

अभिषेक शर्मा ने हासिल किया था प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड

वहीं ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर ने ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल तक पहुंचाया था। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 115 रनों की पारी खेली थी, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ भी 104 रनों की शानदार पारी खेली और टूर्नामेंट में कुल सात विकेट भी हासिल किए। गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन करने के चलते उन्हें आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए नॉमिनेट किया गया है। अब देखना होगा कि यह अवॉर्ड किस खिलाड़ी को मिलता है। बता दें कि इस महीने आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड अभिषेक शर्मा ने हासिल किया है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews