ICC रैंकिंग में विराट कोहली का जलवा! 5 साल बाद नंबर वन बल्लेबाज बने, लेकिन डैरिल मिचेल जल्द छीन सकते हैं यह ताज

विराट कोहली एक बार फिर आईसीसी वनडे रैंकिंग्स में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। आईसीसी ने बुधवार को अपनी ताजा रैंकिंग जारी की है, जिसमें बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अब रोहित शर्मा तीसरे स्थान पर पहुंच चुके हैं और टॉप टेन में केवल चार भारतीय खिलाड़ियों का नाम शामिल है।
विराट कोहली

भारत के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर 5 साल बाद आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर एक बल्लेबाज बनने का मुकाम फिर से हासिल कर लिया है। पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन और उसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 93 रनों की पारी के चलते अब विराट कोहली आईसीसी वनडे रैंकिंग्स में पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। विराट कोहली ने ताजा आईसीसी अपडेट में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है और पहला स्थान हासिल कर लिया है। बुधवार को जारी की गई रैंकिंग में अब रोहित शर्मा तीसरे नंबर पर पहुंच चुके हैं।

आईसीसी वनडे रैंकिंग्स में अब दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के डैरिल मिचेल पहुंच चुके हैं। मिचेल के कुल 784 रेटिंग अंक हो गए हैं, जबकि विराट कोहली के पास कुल 785 रेटिंग पॉइंट हैं। यानी नंबर एक और नंबर दो के खिलाड़ियों के बीच केवल एक रेटिंग पॉइंट का अंतर है।

विराट कोहली का आईसीसी रैंकिंग्स में रिकॉर्ड

बता दें कि विराट कोहली आईसीसी रैंकिंग्स में पहले भी बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर चुके हैं। साल 2013 में अक्टूबर महीने में पहली बार विराट कोहली ने आईसीसी वनडे रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया था। विराट कोहली कुल मिलाकर 825 दिनों तक नंबर एक के स्थान पर रहे हैं। कोई अन्य भारतीय बल्लेबाज वनडे में इतने दिनों तक नंबर एक पर नहीं रहा है, जबकि दुनिया में ऐसा करने वाले कुल 10 बल्लेबाज रहे हैं। 5 साल बाद विराट कोहली का फिर से आईसीसी वनडे रैंकिंग में पहला स्थान हासिल करना उनके फैंस के लिए खुशखबरी है।

आईसीसी वनडे रैंकिंग्स में टॉप 10 खिलाड़ियों पर नजर डालें

वहीं आईसीसी वनडे रैंकिंग्स में टॉप 10 खिलाड़ियों पर नजर डाली जाए तो इस समय विराट कोहली पहले नंबर पर हैं, दूसरे नंबर पर डैरिल मिचेल, तीसरे नंबर पर रोहित शर्मा, जबकि चौथे नंबर पर अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान शामिल हैं। पांचवें नंबर पर भारतीय कप्तान शुभमन गिल का नाम है। शुभमन गिल के पास कुल 725 रेटिंग पॉइंट हैं। वहीं छठे नंबर पर पाकिस्तान के बाबर आजम, सातवें नंबर पर आयरलैंड के हैरी टेक्टर, आठवें नंबर पर वेस्टइंडीज के शाई होप, नौवें नंबर पर श्रीलंका के चरिथ असलंका और दसवें नंबर पर भारतीय खिलाड़ी श्रेयस अय्यर मौजूद हैं। टॉप टेन में केवल चार भारतीय खिलाड़ियों का नाम शामिल है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews