ICC टी20 विश्व कप 2026: USA ने 15 सदस्यीय टीम का किया ऐलान, भारत से 7 फरवरी को पहला मैच

आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए USA ने अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। भारतीय मूल के मोनांक पटेल को कप्तानी सौंपी गई है। टीम अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को मुंबई में भारत के खिलाफ खेलेगी।
T20 World Cup 2026

नई दिल्ली: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका (USA) ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। 2024 वर्ल्ड कप में सुपर-8 तक का सफर तय कर इस टूर्नामेंट के लिए सीधे क्वालिफाई करने वाली USA टीम की कमान एक बार फिर भारतीय मूल के खिलाड़ी मोनांक पटेल को दी गई है।

USA की टीम में अनुभव और युवा जोश का संतुलन देखने को मिला है। टीम में 10 खिलाड़ी वही हैं जो पिछले वर्ल्ड कप का भी हिस्सा थे, जिससे टीम की कोर यूनिट को बरकरार रखा गया है। यह टूर्नामेंट 7 फरवरी से शुरू होगा, जिसमें कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी।

अनुभवी और नए चेहरों का मिश्रण

USA के स्क्वॉड में जहां ज्यादातर पुराने खिलाड़ी हैं, वहीं दो नए चेहरों को भी मौका दिया गया है। मोहम्मद मोहसिन और श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ी शेहान जयसूर्या को पहली बार टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा, शुभम रंजाने भी टीम का हिस्सा हैं, जिन्होंने USA के लिए वनडे मैच खेले हैं लेकिन अभी उन्हें अपने T20 इंटरनेशनल डेब्यू का इंतजार है।

इन खिलाड़ियों पर रहेगा दारोमदार

आगामी वर्ल्ड कप में USA के प्रदर्शन की बड़ी जिम्मेदारी विकेटकीपर बल्लेबाज एंड्रीज गौस और तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रवालकर के कंधों पर होगी। पिछले वर्ल्ड कप में गौस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए कुल 219 रन बनाए थे, जबकि मुंबई के लिए खेल चुके सौरभ नेत्रवालकर ने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित करते हुए 6 विकेट हासिल किए थे।

भारत और पाकिस्तान से होगी कड़ी टक्कर

USA को वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-ए में रखा गया है। इस ग्रुप में उनके साथ मेजबान भारत, पाकिस्तान, नीदरलैंड्स और नामीबिया की टीमें हैं। USA अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत के खिलाफ करेगी। वहीं, 10 फरवरी को कोलंबो में होने वाले USA और पाकिस्तान के मैच पर सभी की निगाहें होंगी, क्योंकि पिछले वर्ल्ड कप में USA ने पाकिस्तान को हराकर एक बड़ा उलटफेर किया था।

T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए USA की टीम

स्क्वॉड: मोनांक पटेल (कप्तान), जेसी सिंह, एंड्रीज गौस, शेहान जयसूर्या, मिलिंद कुमार, शायन जहांगीर, सैतेजा मुक्कमाला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नोस्टुश केनजिगे, शैडली वान शल्कविक, सौरभ नेत्रवालकर, अली खान, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजाने।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews