Hindi News

आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, मात्र इतने रनों से पीछे रह गई न्यूजीलैंड

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। न्यूजीलैंड को 53 रनों से हराकर भारत ने अपनी जगह पक्की की है। अब वर्ल्ड कप 2025 के लिए चार टीमें मिल चुकी हैं। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और इंडिया की टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है। अब अंतिम मुकाबले से तय होगा कि कौन सी टीम किस टीम के साथ सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी।
आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, मात्र इतने रनों से पीछे रह गई न्यूजीलैंड

आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मुकाबले में भारत ने 53 रनों से जीत दर्ज की। इसके साथ ही वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भी अपनी जगह पक्की कर ली। बारिश के चलते मैच को 50 ओवर का कर दिया गया था, जिसके चलते भारतीय टीम ने 340 रन बनाए और न्यूजीलैंड की टीम को 341 रनों का लक्ष्य दिया गया। लेकिन डीएलएस मेथड के चलते मैच को 44 ओवर का कर दिया गया और न्यूजीलैंड को 325 रनों का टारगेट मिला। हालांकि न्यूजीलैंड की टीम यह लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। दरअसल, टीम ने 8 विकेट पर 271 रन ही बनाए और मुकाबला हार गई।

विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में भारत ने बीते दिन अब तक का अपना सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया। साथ ही स्मृति मंधाना एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली महिला क्रिकेटर बन गईं। वहीं, प्रतिका रावल ने सबसे तेज 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड बना दिया।

भारत के दो खिलाड़ी ने जड़े शतक

मुकाबले पर नजर डालें तो न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था। भारतीय टीम की ओर से स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने शानदार खेल दिखाया। प्रतिका रावल ने 122 रनों की पारी खेली, वहीं स्मृति मंधाना ने 109 रन बनाए। स्मृति मंधाना ने अपनी पारी में 10 चौके और 4 छक्के लगाए। जेमिमा रॉड्रिग्ज ने नाबाद 76 रनों की पारी खेलकर टीम को 340 के स्कोर तक पहुंचाया। 341 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने मात्र 1 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया।

न्यूजीलैंड की टीम रह गई पीछे

न्यूजीलैंड की ओर से सबसे ज्यादा रन ब्रूक हॉलिडे ने बनाए। उन्होंने 87 रनों की पारी खेली। उनके अलावा इसाबेला ने 65 रन बनाए। इसके अलावा जॉर्जिया प्लिमर ने 45 रनों की पारी खेली। हालांकि इसके बावजूद टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। दरअसल, टीम ने 44 ओवर में 271 रन बनाए, जबकि लक्ष्य 325 रनों का था। अब भारतीय टीम अपना आखिरी मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ 26 अक्टूबर को खेलेगी। बता दें कि अगर भारतीय टीम यह मुकाबला जीत जाती है तो इंग्लैंड की बराबरी करने और तीसरे स्थान पर पहुंचने का मौका होगा।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11:

भारत: स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रॉड्रिग्ज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), स्नेह राणा, दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्री चरणी।

न्यूजीलैंड: सूजी बेट्स, जॉर्जिया प्लिमर, अमीलिया केर, सोफी डिवाइन (कप्तान), ब्रूक हॉलिडे, मैडी ग्रीन, इजाबेला गेज (विकेटकीपर), जेस केर, रोजमेरी मेयर, ईडन कार्सन, ली ताहुहू।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews