Hindi News

आज ICC Women ODI World Cup 2025 में साउथ अफ्रीका vs पाकिस्तान, जानें क्या पॉइंट्स टेबल पर पड़ेगा कोई असर?

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आज पाकिस्तान विमेंस क्रिकेट टीम वर्ल्ड कप 2025 में अपनी पहली जीत की तलाश में मैदान में उतरेगी, जबकि साउथ अफ्रीका की टीम पहले ही सेमीफाइनल में क्वालीफाई कर चुकी है। साउथ अफ्रीका की टीम प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर आने के लिए आज मुकाबला जीतना चाहेगी।
आज ICC Women ODI World Cup 2025 में साउथ अफ्रीका vs पाकिस्तान, जानें क्या पॉइंट्स टेबल पर पड़ेगा कोई असर?

आज आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होने वाली हैं। यह मुकाबला आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में खेला जाएगा। पाकिस्तान की टीम फिर से वर्ल्ड कप 2025 में अपनी पहली जीत की तलाश में मैदान में उतरेगी, जबकि साउथ अफ्रीका की टीम लगातार चार मुकाबले जीतकर मैदान में उतरने वाली है। साउथ अफ्रीका ने पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना ली है, जबकि पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुकी है। भारतीय समयानुसार यह मुकाबला दोपहर 3:00 बजे से शुरू होगा।

अभी तक पाकिस्तान की टीम को आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में एक भी जीत नहीं मिली है। वहीं साउथ अफ्रीका की टीम ने आखिरी मुकाबले में श्रीलंका को 10 विकेट से हराया था। साउथ अफ्रीका टूर्नामेंट में शानदार नजर आ रही है। टीम ने अपने चार मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। प्वाइंट्स टेबल में साउथ अफ्रीका की टीम तीसरे नंबर पर मौजूद है।

कैसा रहा है दोनों टीमों का रिकॉर्ड?

आज पाकिस्तान की टीम न सिर्फ पहली जीत की तलाश में मैदान में उतरेगी बल्कि वर्ल्ड कप 2025 में अपनी इज्जत बचाने के लिए भी मैदान पर उतरेगी। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पाकिस्तान का रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 31 विमेंस वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 23 बार साउथ अफ्रीका की टीम ने जीत हासिल की है, जबकि मात्र 8 बार पाकिस्तान को जीत मिली है। साउथ अफ्रीका हमेशा से ही पाकिस्तान पर भारी रहा है। ऐसे में आज पाकिस्तान चाहेगा कि इस रिकॉर्ड में सुधार हो और पाकिस्तान की झोली में एक जीत आए।

पिच रिपोर्ट पर डालें नजर

बता दें कि आज होने वाला यह मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। यह पिच हमेशा से ही स्पिनर्स के लिए मददगार रही है, हालांकि शुरुआत में बल्लेबाजी करना आसान होता है। तेज गेंदबाजों को भी शुरुआत में हल्की मदद मिलती है। टॉस जीतकर इस मैदान पर टीम पहले बल्लेबाजी चुन सकती है। अब तक वर्ल्ड कप में इस मैदान पर पांच मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से दो मैच में पहले गेंदबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है, जबकि तीन बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है। ऐसे में आज फिर टॉस जीतकर कप्तान पहले बल्लेबाजी का निर्णय कर सकते हैं।

दोनों टीमों के टॉप स्कोरर

साउथ अफ्रीका की ओर से इस समय कप्तान लौरा वॉलवार्ट शानदार फॉर्म में हैं। लौरा वॉलवार्ट ने पांच मुकाबलों में 180 रन बनाए हैं और दो अर्धशतक जड़े हैं। वहीं गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका की ओर से नोन्कुलुलेको मलाबा शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। मलाबा ने पांच मुकाबलों में 11 विकेट अपने नाम दर्ज किए हैं। पाकिस्तान की ओर से अगर टॉप स्कोरर पर नजर डालें तो सिदरा अमीन ने छह मुकाबलों में 125 रन बनाए हैं, जिनमें एक अर्धशतक शामिल है। गेंदबाजी में कप्तान फातिमा सना ने पांच मुकाबलों में 9 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है। लेकिन इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा पाकिस्तान टीम की अन्य खिलाड़ी फॉर्म में नजर नहीं आ रही हैं।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:

साउथ अफ्रीका: लौरा वॉलवार्ट (कप्तान), ताजमिन ब्रिट्ज, ऐनीरी डेरक्सन, मारिजान कैप, अनेके बोश, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), क्लो ट्रायोन, नदिन डी क्लर्क, तुमी सेखुखुने, मसाबाता क्लास और नोन्कुलुलेको मलाबा।

पाकिस्तान: मुनीबा अली, ओमाइमा सोहेल, सिदरा अमीन, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, फातिमा सना (कप्तान), सिदरा नवाज (विकेटकीपर), रमीन शमीम, सादिया इकबाल, नाशरा संधू और डायना बेग।