आईसीसी टी20 रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा, इस गेंदबाज ने हासिल किया पहला स्थान, पढ़ें खबर

इंग्लैंड में जारी महिला टी20 विश्व कप में भारतीय स्पिनर श्री चरणी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आईसीसी रैंकिंग में दुनिया की नंबर-1 गेंदबाज का खिताब अपने नाम किया है।
आईसीसी टी20 रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा, इस गेंदबाज ने हासिल किया पहला स्थान, पढ़ें खबर

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ओर से जारी महिला टी20 रैंकिंग में भारतीय क्रिकेट ने एक नया इतिहास रचा है। दरअसल इंग्लैंड में चल रहे महिला टी20 विश्व कप 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय युवा स्पिनर श्री चरणी ने दुनिया की नंबर-1 गेंदबाज का गौरव हासिल किया है। उन्होंने यह बड़ी उपलब्धि सिर्फ तीन मैचों में 10 विकेट लेकर हासिल की है, जिससे वह सीधे दूसरे स्थान से पहले नंबर पर पहुंच गई हैं। इस शानदार प्रदर्शन ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट की नई नंबर-1 गेंदबाज बना दिया है।

दरअसल श्री चरणी ने इंग्लैंड की अनुभवी लिन्से स्मिथ को पहले स्थान से हटाकर यह मुकाम हासिल किया है। लिन्से स्मिथ, जिन्होंने मौजूदा विश्व कप में तीन मैचों में सिर्फ तीन विकेट लिए हैं, दो स्थान नीचे खिसककर अब तीसरे नंबर पर आ गई हैं। वहीं, इंग्लैंड की ऑफ स्पिनर चार्ली डीन एक स्थान ऊपर पहुंचकर दूसरे नंबर पर आ गई हैं, जिससे शीर्ष गेंदबाजों की सूची में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं।

विश्व कप 2026 में श्री चरणी का शानदार प्रदर्शन

विश्व कप 2026 में श्री चरणी भारत की सबसे असरदार मैच विनर बनकर सामने आई हैं। वह टूर्नामेंट में फिलहाल 10 विकेट के साथ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। इस प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने किसी एक महिला विश्व कप में भारतीय गेंदबाज द्वारा सबसे ज्यादा विकेट लेने के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है। उन्होंने पूनम यादव द्वारा 2020 महिला विश्व कप में बनाए गए रिकॉर्ड की बराबरी की है, जब पूनम यादव ने भी 10 विकेट लिए थे। चरणी ने टूर्नामेंट की शुरुआत 21 रन देकर 3 विकेट के शानदार प्रदर्शन के साथ की थी, जहां उन्होंने दीप्ति शर्मा के पांच विकेट हॉल का बेहतरीन साथ दिया था। इसके बाद नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में चरणी ने 19 रन देकर 4 विकेट लिए और भारत की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में भी उन्होंने 24 रन देकर 3 विकेट लिए और अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा, हालांकि भारतीय टीम 158 रन के स्कोर का बचाव नहीं कर सकी और मैच हार गई थी।

टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में कई बड़े बदलाव

दरअसल टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में गेंदबाजों की सूची में कई बड़े बदलाव हुए हैं। इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन चार स्थान की लंबी छलांग लगाकर चौथे नंबर पर पहुंच गई हैं, जबकि पाकिस्तान की स्पिनर सादिया इकबाल को भी दो स्थानों का फायदा मिला है। दूसरी ओर, लॉरेन बेल चार स्थान नीचे फिसलकर सातवें नंबर पर आ गई हैं, और भारत की दीप्ति शर्मा को भी नई रैंकिंग में तीन स्थान का नुकसान हुआ है।

ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में भी अहम बदलाव

वाईन महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में भी अहम बदलाव देखने को मिले हैं। श्रीलंका की चमारी अथापथु एक स्थान ऊपर पहुंचकर अब दीप्ति शर्मा से आगे निकल गई हैं। आयरलैंड की ओर्ला प्रेंडरगास्ट और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना को भी एक-एक स्थान का फायदा हुआ है, जिससे उनकी रैंकिंग बेहतर हुई है। दक्षिण अफ्रीका की अनुभवी ऑलराउंडर मैरिज़ेन कैप ने भारत के खिलाफ बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करने के बाद पांच स्थान की बड़ी छलांग लगाई है। वह अब नौवें नंबर पर पहुंच गई हैं। कैप ने भारत के खिलाफ पहले 17 रन देकर 2 अहम विकेट लिए और फिर नाबाद 81 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी, जिससे उनकी रैंकिंग में यह बड़ा सुधार हुआ है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews