
आज आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में भारत और साउथ अफ्रीका की टीमें आमने-सामने होंगी। भारत ने अब तक इस टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला नहीं हारा है। आज भारत के पास प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर आने का मौका रहेगा, जबकि साउथ अफ्रीका वर्ल्ड कप में आगे जाने की उम्मीदों को कायम रखने के लिए मैदान पर उतरेगा। दोनों के बीच होने वाला यह मुकाबला एसीए-वीडीसीए स्टेडियम, विशाखापत्तनम में खेला जाएगा। मैच दोपहर 3:00 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 2:30 पर किया जाएगा।
भारतीय टीम ने पिछले मुकाबले में पाकिस्तान को हराया था। इससे पहले भारत ने श्रीलंका को भी हराया था। आज भारतीय टीम के लिए अफ्रीकी टीम की चुनौती रहने वाली है। साउथ अफ्रीका की बात की जाए तो उसे पहले मुकाबले में इंग्लैंड के हाथों हार मिली थी, जबकि दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड को साउथ अफ्रीका ने हराया था।
हेड टू हेड रिकॉर्ड पर डालें नजर
दरअसल, आज होने वाला यह मुकाबला बेहद अहम है। बता दें कि साउथ अफ्रीका की टीम वर्ल्ड कप में भारत से दो बार हार चुकी है। ऐसे में भारत साउथ अफ्रीका से अपनी इन हारों का बदला लेना चाहेगा। हालांकि हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अब तक कुल 33 विमेंस वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें 20 बार भारत ने जीत हासिल की है, जबकि 12 बार साउथ अफ्रीका को जीत मिली है। एक मुकाबला बिना परिणाम के रहा है। वहीं वनडे वर्ल्ड कप पर नजर डालें तो अब तक भारत और साउथ अफ्रीका के बीच कुल पांच मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें तीन बार भारत ने जीत हासिल की है, जबकि दो बार अफ्रीका ने भारत को हराया है। दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले पांच मुकाबले भारत ने जीते हैं। ऐसे में भारत की टीम जीत की दावेदारी पेश करती है।
कैसी रहेगी आज की पिच?
वहीं पर नजर डालें तो आज होने वाला यह मुकाबला डॉक्टर वाई.एस. राजशेखर रेड्डी स्टेडियम में खेला जाएगा। अब तक इस मैदान पर विमेंस वनडे वर्ल्ड कप का एक भी मुकाबला नहीं खेला गया है। आज इस मैदान पर पहला मुकाबला होगा। हालांकि इस टूर्नामेंट में कुल पांच मुकाबले इस मैदान पर खेले जाएंगे। पिच पर नजर डालें तो यह बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए अनुकूल मानी जाती है। हालांकि दूसरी पारी में बल्लेबाजी इस विकेट पर आसान रहती है। मैदान पर स्पिनर्स का अहम रोल रहने वाला है। रिकॉर्ड पर नजर डालें तो 2010 से 2014 के बीच इस मैदान पर विमेंस वनडे के कुल पांच मुकाबले खेले गए थे, जिनमें चार बार चेज करने वाली टीम ने जीत हासिल की थी, जबकि एक बार पहले गेंदबाजी करने वाली टीम जीती थी। ऐसे में आज टॉस जीतने वाली टीम गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
भारत: स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, अमनजोत कौर/श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़।
साउथ अफ्रीका: लौरा वोल्वार्ट (कप्तान), ताजमिन ब्रिट्ज, सुने लुस, मारिजान कैप, अनेके बोश, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), क्लो ट्रायोन, नदिन डी क्लर्क, मसाबाता क्लास, आयाबोंगा खाका और नोन्कुलुलेको मलाबा।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

