पाकिस्तानी क्रिकेटर इमाम उल हक बुरी तरह चोटिल हुए, थ्रो करते समय सीधी बॉल जबड़े पर लगी

इमाम उल हक बुरी तरह चोटिल हो गए। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे वनडे मुकाबले में उन्हें सीधी बॉल जबड़े पर लग गई, जिसके चलते उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। बता दें कि तीसरे वनडे मुकाबले में भी न्यूजीलैंड की टीम ने पाकिस्तान को बुरी तरह हरा दिया है।
पाकिस्तानी क्रिकेटर इमाम उल हक बुरी तरह चोटिल हुए, थ्रो करते समय सीधी बॉल जबड़े पर लगी

पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे वनडे मुकाबले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, मैच के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक बुरी तरह चोटिल हो गए। न्यूजीलैंड के खिलाड़ी द्वारा लगाए गए थ्रो वाली गेंद इमाम उल हक के जबड़े पर जाकर लगी। इस चोट के बाद वह बुरी तरह घायल हो गए और उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाना पड़ा।

तीसरे वनडे में भी पाकिस्तान क्रिकेट टीम की बुरी हालत देखने को मिली। न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को 43 रनों से हरा दिया, लेकिन हार से ज्यादा टेंशन पाकिस्तान के क्रिकेट फैंस को इमाम उल हक को लगी चोट को लेकर देखी गई है। दरअसल, इमाम उल हक पाकिस्तान टीम के सबसे मजबूत खिलाड़ियों में से एक हैं, ऐसे में उनका चोटिल होना आगामी सीरीज के लिए भी पाकिस्तान के लिए चिंता का विषय है।

कैसे लगी चोट?

बता दें कि न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 265 रनों का लक्ष्य दिया था। पाकिस्तान की ओर से अब्दुल्ला शफीक और इमाम उल हक ने शुरुआत की थी। वहीं, तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर रन लेने के प्रयास के दौरान इमाम उल हक चोटिल हो गए। दरअसल, फील्डर द्वारा रन आउट करने के लिए डायरेक्ट थ्रो विकेट पर मारा गया था, लेकिन गेंद सीधा इमाम उल हक के हेलमेट पर जा लगी और उनके जबड़े पर चोट लग गई। उन्होंने तुरंत ही अपना बल्ला फेंक दिया, हेलमेट उतार दिया और अपना जबड़ा पकड़ कर जमीन पर बैठ गए। तुरंत ही मेडिकल टीम मैदान में पहुंच गई और गाड़ी में बैठाकर इमाम उल हक को ग्राउंड से बाहर ले जाया गया।

बुरी तरह चोटिल हुए इमाम उल हक

सोशल मीडिया पर इमाम उल हक के चोटिल होने के वीडियो वायरल हो रहे हैं। वहीं, इमाम उल हक के चोटिल हो जाने के चलते पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने उस्मान खान को कॉन्कशन सब्स्टीट्यूट प्लेयर के तौर पर चुना। जानकारी दे दें कि आईसीसी के नियम के मुताबिक, अगर किसी खिलाड़ी को हेलमेट पर सीधी गेंद लगती है तो सबसे पहले मेडिकल टीम द्वारा खिलाड़ी की जांच की जाती है। अगर हेलमेट पर सीधी गेंद लगी है, तो हेलमेट को बदलना अनिवार्य होता है। इसके अलावा, जरूरत पड़ने पर टीम कॉन्कशन रूल के हिसाब से सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी की मांग कर सकती है, जिसके चलते टीम को उस्मान खान नया बल्लेबाज मिल गया।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews