भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया, शुभमन गिल ने खेली कप्तानी पारी, गुरबाज के शतक पर फिरा पानी

भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज की है। दरअसल धर्मशाला में बारिश से प्रभावित इस मैच में अफगानिस्तान ने भारत को 195 रन का लक्ष्य दिया था जिसे भारतीय टीम ने आसानी से हासिल कर लिया।
भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया, शुभमन गिल ने खेली कप्तानी पारी, गुरबाज के शतक पर फिरा पानी

धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। दरअसल बारिश के कारण मुकाबला निर्धारित समय से 4 घंटे 15 मिनट देर से शुरू हुआ और इसे 25-25 ओवर का कर दिया गया। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। अफगानिस्तान की टीम ने शुरुआती झटकों के बाद वापसी करते हुए 194 रन बनाए, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने लक्ष्य को 22.5 ओवर में हासिल कर लिया।

दरअसल अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 26 रन के स्कोर तक तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद रहमानुल्लाह गुरबाज ने कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी हुई। गुरबाज ने केवल 51 गेंदों में 102 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 8 चौके और 8 छक्के लगाए। उन्होंने 48 गेंदों में शतक पूरा कर अफगानिस्तान के लिए वनडे क्रिकेट का सबसे तेज शतक भी बनाया। हालांकि उनके आउट होते ही भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की और पूरी टीम को 24.5 ओवर में 194 रन पर रोक दिया।

शुभमन गिल और केएल राहुल ने आसान बनाई जीत

वहीं 195 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत दी। हालांकि रोहित शर्मा 16 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद शुभमन गिल और ईशान किशन ने दूसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़े। ईशान किशन 34 रन बनाकर आउट हुए, जबकि श्रेयस अय्यर 12 रन ही बना सके।

दरअसल एक समय भारत को तेजी से रन बनाने की जरूरत थी, तब केएल राहुल ने आक्रामक बल्लेबाजी की। राहुल ने सिर्फ 19 गेंदों में 39 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। दूसरी ओर कप्तान शुभमन गिल ने जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने 66 गेंदों में 84 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 2 छक्के शामिल थे।

गुरनूर बरार और हर्ष दुबे का यादगार डेब्यू

वहीं इस मुकाबले में भारतीय टीम के दो नए खिलाड़ियों ने भी शानदार छाप छोड़ी। जानकारी दे दें कि डेब्यू मैच खेल रहे गुरनूर बरार ने अफगानिस्तान के शुरुआती विकेट निकालकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। उन्होंने अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में 3 विकेट हासिल किए। वहीं हर्ष दुबे ने भी बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews