
अक्टूबर से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज खेली जाएगी। वहीं, इस बड़ी सीरीज से पहले आईसीसी की ओर से टीम रैंकिंग के साथ-साथ सभी खिलाड़ियों की ताजा रैंकिंग भी जारी कर दी गई है। आईसीसी की ओर से जारी की गई रैंकिंग्स में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला है। टेस्ट से लेकर वनडे और टी20 तक भारतीय बल्लेबाज छाए हुए हैं। दरअसल, टी20, टेस्ट और वनडे में बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारत के कुल 9 खिलाड़ियों ने कब्जा जमाया है, जिनमें रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और अभिषेक शर्मा जैसे कई बड़े खिलाड़ी शामिल हैं।
दरअसल, आईसीसी की ओर से टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों फॉर्मैट्स के लिए रैंकिंग जारी की गई है। टॉप 10 की बात की जाए तो इस लिस्ट में भारत के कुल 9 खिलाड़ियों का नाम शामिल है जिनमें यशस्वी जयसवाल, शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, ऋषभ पंत, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, विराट कोहली और रोहित शर्मा शामिल हैं।
वनडे बैटिंग रैंकिंग पर नजर डालें
अगर वनडे बैटिंग रैंकिंग पर नजर डाली जाए तो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से पहले इसमें कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। जानकारी दें कि आईसीसी वनडे रैंकिंग में इस समय टॉप 10 बल्लेबाजों में चार भारतीय खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल इस समय वनडे में नंबर एक के स्थान पर मौजूद हैं। शुभमन गिल के कुल 784 रेटिंग पॉइंट्स हैं, जबकि रोहित शर्मा वनडे में 756 रेटिंग पॉइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर मौजूद हैं। वहीं, विराट कोहली 736 रेटिंग पॉइंट्स के साथ वनडे में पांचवें नंबर पर हैं। टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी श्रेयस अय्यर इस समय वनडे क्रिकेट में 704 रेटिंग पॉइंट्स के साथ नौवें नंबर पर मौजूद हैं।
टेस्ट रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा
वहीं, आईसीसी टेस्ट रैंकिंग पर नजर डाली जाए तो इस समय टॉप 10 में दो भारतीय खिलाड़ियों के नाम मौजूद हैं। बता दें कि यशस्वी जयसवाल इस समय दुनिया के पांचवें सबसे बेहतरीन टेस्ट खिलाड़ी हैं। यशस्वी जयसवाल बैटिंग रैंकिंग में 791 रेटिंग पॉइंट्स के साथ पांचवें नंबर पर हैं, जबकि ऋषभ पंत 753 रेटिंग पॉइंट्स के साथ इस समय आठवें नंबर पर मौजूद हैं। दरअसल, यशस्वी जयसवाल ने हाल ही में खेली गई वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था, जिसके चलते उन्हें यह फायदा मिला है।
आईसीसी टी20 रैंकिंग में अभिषेक शर्मा का जलवा
वहीं, अगर आईसीसी टी20 रैंकिंग पर नजर डाली जाए तो इस समय टॉप टेन की लिस्ट में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा है। अभिषेक शर्मा इस समय दुनिया के टी20 बल्लेबाजों में नंबर एक स्थान पर हैं। अभिषेक शर्मा के कुल 926 रेटिंग पॉइंट्स हैं, जिसके चलते वह टी20 इंटरनेशनल में आईसीसी रैंकिंग में पहले नंबर पर हैं। वहीं, तिलक वर्मा इस समय 819 रेटिंग पॉइंट्स के साथ आईसीसी रैंकिंग में तीसरे नंबर पर मौजूद हैं और भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव 698 रेटिंग पॉइंट्स के साथ आठवें नंबर पर हैं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

