IND vs NZ के बीच चौथा T20 मैच आज, प्लेइंग XI में होंगे 2 बड़े बदलाव? संजू सैमसन की जगह श्रेयस अय्यर को मिल सकता है मौका

न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की T20 सीरीज 3-0 से अपने नाम कर चुकी टीम इंडिया चौथे मुकाबले में बड़े बदलावों के साथ उतर सकती है। लगातार फ्लॉप हो रहे संजू सैमसन की जगह श्रेयस अय्यर को मौका मिलने की प्रबल संभावना है।
IND vs NZ के बीच चौथा T20 मैच आज, प्लेइंग XI में होंगे 2 बड़े बदलाव? संजू सैमसन की जगह श्रेयस अय्यर को मिल सकता है मौका

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की T20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज खेला जाना है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम पहले ही शुरुआती तीन मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा कर चुकी है। ऐसे में अब टीम मैनेजमेंट की नजरें बेंच स्ट्रेंथ को आजमाने पर होंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चौथे T20 मैच के लिए प्लेइंग XI में कम से कम दो बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

संजू सैमसन का पत्ता कटना तय?

इस सीरीज में विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। वह शुरुआती तीनों मैचों में टीम को अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रहे। नागपुर में हुए पहले T20 में संजू ने 10 रन बनाए, जबकि दूसरे मैच में वह सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। हद तो तब हो गई जब तीसरे मुकाबले में वह पहली ही गेंद पर यानी ‘गोल्डन डक’ पर पवेलियन लौट गए।

लगातार तीन विफलताओं के बाद प्लेइंग XI में उनकी जगह पर सवाल उठने लगे हैं। दूसरी ओर, मध्यक्रम के भरोसेमंद बल्लेबाज श्रेयस अय्यर तीनों मैचों में बेंच पर बैठे अपनी बारी का इंतजार करते रहे। ऐसे में यह लगभग तय माना जा रहा है कि चौथे मैच में सैमसन को आराम देकर श्रेयस अय्यर को मौका दिया जाएगा।

चोट से उबरकर अक्षर पटेल की वापसी संभव

टीम में दूसरा बड़ा बदलाव ऑलराउंडर के रूप में हो सकता है। स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल पहले T20 में प्लेइंग XI का हिस्सा थे, लेकिन उंगली में चोट लगने के कारण उन्हें अगले दो मैचों से बाहर बैठना पड़ा था। अब वह पूरी तरह फिट हैं और वापसी के लिए तैयार हैं।

अक्षर की वापसी की स्थिति में शिवम दुबे को बाहर बैठना पड़ सकता है। दुबे ने सीरीज में बल्ले से कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया है, जिसके चलते टीम मैनेजमेंट अक्षर को मौका देकर गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों विभागों को मजबूती देना चाहेगा।

चौथे T20 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग XI

अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews