IND vs NZ ODI सीरीज का पहला मैच भारत के नाम रहा, विराट कोहली 54वें शतक से चूके, सचिन तेंदुलकर का तोड़ा रिकॉर्ड

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले में भारत ने चार विकेट से जीत दर्ज कर ली है। विराट कोहली अपने 54वें शतक से चूक गए, लेकिन इस दौरान उन्होंने तीन बड़े रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिए। वहीं शुभमन गिल की फॉर्म भी लौट आई है और श्रेयस अय्यर ने भी शानदार पारी खेली है।
IND vs NZ ODI सीरीज का पहला मैच भारत के नाम रहा, विराट कोहली 54वें शतक से चूके, सचिन तेंदुलकर का तोड़ा रिकॉर्ड

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हरा दिया है। इस मुकाबले में विराट कोहली ने शानदार प्रदर्शन किया। विराट कोहली ने 93 रनों की जबरदस्त पारी खेली, हालांकि वह शतक बनाने से चूक गए, लेकिन इसी बीच विराट कोहली ने दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिए। वहीं इस मुकाबले में शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर के बल्ले से भी जबरदस्त पारियां निकलीं।

खराब फॉर्म से जूझ रहे शुभमन गिल की वापसी हुई है। शुभमन गिल ने 56 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं चोट से उबर रहे श्रेयस अय्यर ने 47 गेंदों में 50 रनों की पारी खेली और अपनी फिटनेस साबित कर दी।

न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने भी दिखाया दम

मुकाबले पर नजर डालें तो भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। न्यूजीलैंड की ओर से डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स सलामी बल्लेबाज के तौर पर मैदान पर उतरे थे। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए शानदार साझेदारी की और 117 रन जोड़े। डेवोन कॉनवे ने 56 रन बनाए, वहीं हेनरी निकोल्स ने 62 रनों की पारी खेली। हालांकि विल यंग केवल 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, लेकिन इसके बाद डैरिल मिचेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 71 गेंदों में 84 रन बनाए। ग्लेन फिलिप्स ने 12 रन और मिचेल हाय ने 18 रन बनाए, वहीं माइकल ब्रेसवेल ने 16 रनों की पारी खेली। अंत में क्रिश्चियन क्लार्क ने 17 गेंदों में 24 रन बनाकर न्यूजीलैंड को 50 ओवर में 300 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

विराट कोहली ने बनाए 93 रन

वहीं 301 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत भी शानदार रही। रोहित शर्मा ने 26 रनों की पारी खेली, जबकि शुभमन गिल ने 71 गेंदों में 56 रन बनाए। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 39 रनों की साझेदारी की। वहीं दूसरे विकेट के लिए विराट कोहली और शुभमन गिल ने 118 रन जोड़े। विराट कोहली ने 91 गेंदों में 93 रनों की पारी खेली, जिसमें आठ चौके और एक छक्का शामिल रहा। श्रेयस अय्यर ने 47 गेंदों में 50 रन बनाए, जिसमें चार चौके और एक छक्का शामिल रहा। अंत में केएल राहुल और हर्षित राणा ने 29-29 रन बनाकर भारत को जीत दिलाई और भारत ने चार विकेट से यह मुकाबला जीत लिया।

विराट कोहली ने बना दिए ये 3 रिकॉर्ड

इस मुकाबले में विराट कोहली अपना 54वां वनडे शतक बनाने से चूक गए, लेकिन इस दौरान उन्होंने तीन बड़े रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिए। बता दें कि विराट कोहली ने 309वां वनडे खेलते ही सौरव गांगुली को पीछे छोड़ दिया और वह भारत की ओर से सबसे ज्यादा वनडे इंटरनेशनल खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। इस मामले में सचिन तेंदुलकर पहले और एमएस धोनी दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। वहीं विराट कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 28,000 रन भी पूरे कर लिए हैं। इस मामले में उन्होंने कुमार संगकारा को पीछे छोड़ दिया है। साथ ही विराट कोहली सबसे तेज 28,000 इंटरनेशनल रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। यह कारनामा विराट कोहली ने केवल 624 पारियों में कर दिखाया, जबकि सचिन तेंदुलकर ने 644 पारियों के बाद यह उपलब्धि हासिल की थी।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews