
9 सितंबर से शुरू हो रहे एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को होने वाला मुकाबला खेला जाएगा। दरअसल, सरकार द्वारा इस मुकाबले को मंजूरी दे दी गई है। सरकार का कहना है कि मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में दोनों देश खेल सकते हैं लेकिन दोनों देशों के बीच कोई भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं होगी। इस मुकाबले को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे थे। अब तक यह साफ नहीं हो पाया था कि एशिया कप में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी या नहीं।
अब सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि एशिया कप में दोनों टीमें मुकाबला खेलेंगी। दरअसल, भारत एशिया कप 2025 की मेजबानी कर रहा है। ऐसे में भारत का इस टूर्नामेंट को बॉयकॉट करना मुश्किल था। भारत और पाकिस्तान के मुकाबले दुबई क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जाएंगे।
क्यों लिया गया यह फैसला?
यह निर्णय नई खेल नीति के चलते लिया गया है। इसमें साफ तौर पर बताया गया है कि अगर इंटरनेशनल और मल्टीनेशनल इवेंट्स में इस प्रकार के मुद्दे आते हैं तो भारत इंटरनेशनल खेल संस्थाओं के नियमों और अपने खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लेगा। इसके अलावा भारतीय टीम उन टूर्नामेंट्स में भाग लेगी जिनमें पाकिस्तान की टीम या खिलाड़ी भी खेल रहे हैं। यह इवेंट्स जैसे कॉमनवेल्थ गेम्स, ओलंपिक, क्रिकेट वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप जैसे इंटरनेशनल इवेंट्स हैं। इसके अलावा नई खेल नीति के मुताबिक अगर भारत इंटरनेशनल स्पोर्ट्स इवेंट्स की मेजबानी कर रहा है तो खिलाड़ियों, अधिकारियों, तकनीकी कर्मचारियों और इंटरनेशनल खेल संस्थाओं के पदाधिकारियों की वीज़ा प्रक्रिया भी आसान की जाएगी। बता दें कि हॉकी एशिया कप की मेजबानी भारत द्वारा की जा रही थी। ऐसे में पाकिस्तान की टीम को भारत द्वारा वीज़ा प्रोवाइड किया जा रहा था, हालांकि पाकिस्तान की टीम ने भारत में खेलने से इनकार कर दिया।
अब 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान का महामुकाबला
सरकार के इस निर्णय के बाद अब 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का महा मुकाबला देखने को मिलेगा। बता दें कि एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम और पाकिस्तान टीम का ऐलान कर दिया गया है। भारत ने सूर्यकुमार यादव को एशिया कप 2025 में कप्तान बनाया है, जबकि शुभमन गिल को उपकप्तान के तौर पर चुना है। टीम में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, जितेश शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, हर्षदीप सिंह, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। भारत का एशिया कप 2025 में पहला मुकाबला 10 सितंबर को यूएई की टीम के खिलाफ खेला जाएगा।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

