एशिया कप T20 फॉर्मेट में किसका पलड़ा रहा है भारी? IND vs PAK में से कल कौन मारेगा बाजी?

कल भारत और पाकिस्तान का महा मुकाबला खेला जाएगा। एशिया कप 2025 में रविवार शाम को दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। 15 महीने बाद इन दोनों टीमों का T20 फॉर्मेट में आमना-सामना होने वाला है। चलिए जानते हैं कि अब तक इस बड़े टूर्नामेंट में इन दोनों टीमों में से किसका पलड़ा भारी रहा।
एशिया कप T20 फॉर्मेट में किसका पलड़ा रहा है भारी? IND vs PAK में से कल कौन मरेगा बाजी?

कल 14 सितंबर है और एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमें T20 फॉर्मेट में भिड़ेंगी। इस फॉर्मेट में विराट कोहली, रोहित शर्मा, बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान दिखाई नहीं देंगे, लेकिन युवा खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। दरअसल, T20 फॉर्मेट में 15 महीने बाद इन दोनों टीमों के बीच टक्कर देखने को मिलेगी। आखिरी बार साल 2024 में खेले गए T20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें आमने-सामने हुई थीं, हालांकि उस दौरान भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराया था।

महामुकाबले को लेकर अभी से दर्शकों में उत्साह है। सोशल मीडिया पर भारत और पाकिस्तान के मुकाबले की चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं। पिच रिपोर्ट से लेकर प्लेइंग इलेवन तक डिस्कस किया जा रहा है। ऐसे में आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि एशिया कप में यह दोनों टीमों का सामना कितनी बार हुआ है और किस टीम ने सबसे ज्यादा जीत हासिल की है।

जानें हेड तो हेड रिकॉर्ड

जानकारी के अनुसार, यूं तो क्रिकेट के इतिहास में भारत का पलड़ा हमेशा पाकिस्तान पर भारी रहा है। लेकिन क्या T20 के इस फॉर्मेट में भारतीय टीम ने ज्यादा मैच जीते हैं? बता दें कि दोनों टीमों के बीच कोई द्विपक्षीय T20 सीरीज नहीं खेली गई है। जितनी भी बार दोनों टीमें T20 फॉर्मेट में आमने-सामने हुई हैं, वह या तो T20 वर्ल्ड कप रहा है या T20 एशिया कप रहा है। दरअसल, भारत और पाकिस्तान के बीच T20 फॉर्मेट में अब तक कुल 13 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 10 बार भारतीय टीम ने जीत हासिल की। यानी मात्र तीन मुकाबलों में पाकिस्तान को जीत प्राप्त हुई है।

एशिया कप T20 फॉर्मेट में कितनी बार हुआ आमना-सामना?

वहीं, T20 फॉर्मेट एशिया कप पर नजर डाली जाए तो इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की टीमें तीन बार आमने-सामने हुई हैं। इनमें से दो बार भारत ने जीत हासिल की है और एक बार पाकिस्तान को जीत मिली है। बता दें कि इन तीन मुकाबलों में से दो मैच साल 2022 के T20 एशिया कप में खेले गए थे, जबकि एक T20 मुकाबला 2016 में मीरपुर में खेला गया था। ऐसे में एशिया कप के T20 टूर्नामेंट में ज्यादा बार दोनों टीमें आमने-सामने नहीं हुईं। इस बार भारत और पाकिस्तान की टीमें एशिया कप 2025 में तीन बार आमने-सामने हो सकती हैं। हालांकि, अगर दोनों टीमें फाइनल में प्रवेश करती हैं, तभी तीन बार मुकाबला देखने को मिलेगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews