IND vs PAK : भारत पाकिस्तान मैच कितने बजे होगा शुरू? यहां देखें पिच रिपोर्ट, मौसम अपडेट और संभावित प्लेइंग इलेवन की पूरी जानकारी

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान के बीच यह महामुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा, लेकिन बारिश की आशंका ने दर्शकों की चिंता बढ़ा दी है।
IND vs PAK : भारत पाकिस्तान मैच कितने बजे होगा शुरू? यहां देखें पिच रिपोर्ट, मौसम अपडेट और संभावित प्लेइंग इलेवन की पूरी जानकारी

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मुकाबले में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह सबसे बड़ा और सबसे रोमांचक मैच होगा, जो रविवार, 15 फरवरी को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में होने वाला है। टीम इंडिया ने मुंबई और दिल्ली में खेले गए अपने शुरुआती दोनों मुकाबलों में आसान जीत हासिल की है, लेकिन अब यह महामुकाबला भारत से बाहर खेला जाएगा।

कोलंबो में बारिश की संभावना बनी हुई है, जिसने इस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे दर्शकों की टेंशन बढ़ा दी है। ओवरकास्ट मौसम पिच की स्थिति पर भी असर डालेगा और गेंदबाजों को फायदा मिल सकता है।

मैच का समय और वेन्यू

आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत-पाकिस्तान मैच 15 फरवरी को शाम 7 बजे शुरू होगा। टॉस 6:30 बजे होगा। भारत और श्रीलंका के समय में कोई अंतर नहीं है, इसलिए मैच की टाइमिंग में कोई बदलाव नहीं होगा। यह दिन का तीसरा मैच होगा और दोनों टीमों के लिए इस ग्राउंड पर इस टूर्नामेंट का पहला मुकाबला है।

हेड टू हेड रिकॉर्ड में भारत का दबदबा

टी20 फॉर्मेट में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 16 मैच खेले जा चुके हैं। इनमें से 13 मुकाबलों में टीम इंडिया विजयी रही है, जबकि पाकिस्तान ने केवल 3 मैच ही जीते हैं। यह आंकड़ा स्पष्ट रूप से भारत के पक्ष में है।

कोलंबो में मौसम की चुनौती

वेदर रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को कोलंबो में पूरे दिन बारिश का खतरा बना हुआ है। सुबह के समय बारिश की संभावना 20 से 30 प्रतिशत है। शाम 7 बजे, जब मैच शुरू होने वाला है, बारिश की संभावना 40 प्रतिशत तक बनी हुई है। ऐसे में मैच रद्द होने की भी आशंका बनी हुई है। अगर मैच हुआ भी, तो मौसम का असर गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों पर दिखाई देगा।

आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

दर्शकों के लिए राहत की बात यह है कि आर प्रेमदासा स्टेडियम में ड्रेनेज सिस्टम काफी बेहतर है। पिच की बात करें तो शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग की मदद मिलेगी। जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, पिच धीमी होती जाएगी और स्पिनरों को फायदा मिलेगा।

बल्लेबाजों के लिए शॉट लगाना मुश्किल होगा, खासकर मध्य ओवरों में। स्पिनर्स की अहम भूमिका होगी— पाकिस्तान के लिए उस्मान तारिक और भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। ओवरकास्ट मौसम में हवाएं तेज रही तो गेंद और अधिक लहराएगी, जिससे बल्लेबाजों की मुश्किलें बढ़ जाएंगी।

संभावित प्लेइंग इलेवन

टीम इंडिया: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।

पाकिस्तान: सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, उस्मान तारिक, अबरार अहमद।

लाइव प्रसारण और स्ट्रीमिंग

भारत-पाकिस्तान मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के सभी चैनलों पर होगा। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। दर्शक दोनों माध्यमों से इस महामुकाबले का आनंद ले सकेंगे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews