IND vs SL: मैदान पर भिड़े यशस्वी जायसवाल-असिथा फर्नांडो, ICC ने लिया सख्त एक्शन, दोनों खिलाड़ियों को सुनाई कड़ी सजा

भारत-श्रीलंका दूसरे टेस्ट में यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो के बीच हुई कहासुनी पर ICC ने कार्रवाई करते हुए दोनों पर मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया है। दोनों खिलाड़ियों को एक-एक डिमेरिट पॉइंट भी मिला है।
IND vs SL Test Match, ICC Action

भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला कोलंबो में खेला जा रहा है। इस मुकाबले के पहले दिन भारतीय टीम के बल्लेबाजी करने के दौरान एक ऐसा घटनाक्रम हुआ जिससे दोनों ही टीमों की टेंशन बढ़ गई। दरअसल, मैदान में भारत के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के बीच मैदान में काफी कहासुनी हुई थी। तब इसी बीच अंपायर ने आकर बीच बचाव किया।

मैदान में दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई कहासुनी पर अब अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने सख्त रुख अपनाया है। ICC ने मामले को संज्ञान में लेते हुए दोनों खिलाड़ियों को सजा सुनाई है। सजा के तौर पर ICC ने भारत के ओपनर यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो पर उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि उन पर आगे मैच खेलने पर बैन नहीं लगाया गया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी अनुसार, यह घटना भारत की पहली पारी के 17वें ओवर में यशस्वी जायसवाल के आउट होने के बाद हुई। फर्नांडो की गेंद पर जायसवाल के आउट होने के बाद गेंदबाज अपनी टीम के साथियों के साथ जश्न मना रहे थे। इसी दौरान उन्होंने जायसवाल की ओर कुछ कहा, जिसके बाद भारतीय ओपनर ने पलटकर उनकी ओर रुख किया। दोनों के बीच कुछ देर बहस हुई और इसी दौरान उनके सिर आपस में टकरा गए। हालांकि श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने तुरंत बीच-बचाव कर मामला शांत कराया जिसके बाद जायसवाल पवेलियन लौट गए।

ICC ने दोनों खिलाड़ियों को पाया दोषी

ICC के अनुसार, दोनों खिलाड़ियों को ‘लेवल-1’ के अपराध का दोषी पाया गया है। उन्होंने खिलाड़ियों और प्लेयर सपोर्ट स्टाफ के लिए लागू ICC आचार संहिता के अनुच्छेद 2.12 का उल्लंघन किया जो किसी खिलाड़ी, प्लेयर सपोर्ट स्टाफ, अंपायर, मैच रेफरी या मैच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क से संबंधित है।

गौरतलब है कि भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। टीम इंडिया ने सीरीज में पहले ही 1-0 की बढ़त बना रखी है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और भारतीय टीम ने देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल की शतक की मदद से नौ विकेट पर 503 रन बनाए और पारी घोषित कर दी। देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल ने अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक जड़ा है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews