
भारत और वेस्टइंडीज की टीमों के बीच इस समय टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला आज से नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुरू हुआ है। वेस्टइंडीज की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, हालांकि उनका यह फैसला अब भारी पड़ता हुआ नजर आ रहा है। भारतीय गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज को बैक फुट पर धकेल दिया है। मोहम्मद सिराज ने वेस्टइंडीज की टीम को शुरुआती झटके देकर पारी को बिखेर दिया है। मोहम्मद सिराज ने मात्र 6 ओवर में तीन विकेट हासिल कर लिए हैं।
दरअसल, खबर लिखे जाने तक वेस्टइंडीज ने 42 के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवा दिए। वेस्टइंडीज की ओर से कप्तान रोस्टन चेज और शाई होप क्रीज पर टिके हुए हैं। रोस्टन चेज ने इस समय चार रन बनाए हैं, जबकि शाई होप अभी तक खाता नहीं खोल सके हैं। अब देखना होगा कि क्या वेस्टइंडीज की टीम पूरे दिन बल्लेबाजी कर पाएगी या फिर आज ही भारतीय टीम बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतर जाएगी।
वेस्टइंडीज की हालत नाजुक
पारी की शुरुआत करने के लिए वेस्टइंडीज की ओर से जॉन कैम्पबेल और टेगेनरीन चंद्रपॉल आए थे। हालांकि चंद्रपॉल खाता भी नहीं खोल सके और मोहम्मद सिराज का शिकार बने। वहीं जसप्रीत बुमराह ने जॉन कैम्पबेल को आउट किया। जॉन कैम्पबेल ने मात्र 8 रन बनाकर अपना विकेट गंवा दिया। तीसरे नंबर पर टीम को संभालने आए अथानाज़े भी मात्र 12 के स्कोर पर चलते बने। मोहम्मद सिराज ने उन्हें केएल राहुल के हाथों कैच करवा दिया। जबकि ब्रैंडन किंग भी मात्र 13 के स्कोर पर आउट हो गए। मोहम्मद सिराज ने तीन विकेट जबकि जसप्रीत बुमराह ने एक विकेट हासिल किया है।
कैसी है आज भारतीय टीम?
दरअसल, प्लेइंग 11 में नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर और रवींद्र जडेजा को ऑलराउंडर के तौर पर मौका दिया गया है। वहीं तेज गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज नजर आ रहे हैं। स्पिन गेंदबाजों में कुलदीप यादव ही मुख्य गेंदबाज के रूप में खेल रहे हैं। बल्लेबाजी में यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल और साई सुदर्शन के अलावा शुभमन गिल और ध्रुव जुरेल नजर आ रहे हैं। भारतीय टीम पूरी तरह से संतुलित दिखाई दे रही है।
भारत की प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुबमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रित बुमरा, मोहम्मद सिराज
वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन
टेगेनरीन चंद्रपॉल, जॉन कैंपबेल, एलिक अथानाज़े, ब्रैंडन किंग, शाई होप (विकेटकीपर), रोस्टन चेज़ (कप्तान), जस्टिन ग्रीव्स, जोमेल वारिकन, खैरी पियरे, जोहान लेने, जेडन सील्स
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

