IND vs WI: कल से शुरू होगा भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टेस्ट मैच, जानिए पिच रिपोर्ट और प्लेइंग 11

एशिया कप 2025 का टूर्नामेंट खत्म हो चुका है। अब भारतीय टीम 2 अक्टूबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला टेस्ट मैच खेलने मैदान में उतरेगी। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पहला मुकाबला लाल मिट्टी की बनी हुई पिच पर होने वाला है। चलिए जानते हैं, कल होने वाले मुकाबले के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन कैसी रहेगी।
IND vs WI: कल से शुरू होगा भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टेस्ट मैच, जानिए पिच रिपोर्ट और प्लेइंग 11

कल से भारतीय क्रिकेट टीम के लिए नई चुनौती शुरू होगी। दरअसल, वेस्टइंडीज और भारत के बीच पहला टेस्ट मैच गुरुवार 2 अक्टूबर से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। शुभमन गिल के लिए भी यह टेस्ट सीरीज बेहद खास रहेगी, क्योंकि कप्तान बनने के बाद यह उनकी पहली घरेलू सीरीज होने वाली है। इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में कप्तानी की थी, जिसमें न सिर्फ कप्तानी में कमाल किया था बल्कि बल्लेबाजी में भी कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किए थे। शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई पांच टेस्ट मैचों की सीरीज को 2-2 से ड्रॉ करवाया था।

अब शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल जैसे खिलाड़ियों के लिए कड़ी चुनौती होने वाली है। वेस्टइंडीज हमेशा से ही गेंदबाजी में मजबूत मानी जाती है। अब वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों को भारतीय टीम के बल्लेबाजों को फेस करना होगा। हाल ही में भारतीय टीम ने एशिया कप 2025 का खिताब जीता है, लेकिन यह टूर्नामेंट T20 फॉर्मेट में खेला गया था। छोटे फॉर्मेट से बड़े फॉर्मेट में एकदम बदलाव होना मुश्किल रहता है। यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ी एशिया कप के स्क्वॉड में शामिल नहीं थे। खिलाड़ियों ने पहले ही इसकी प्रैक्टिस शुरू कर दी थी।

शुभमन गिल के लिए यह बड़ी परीक्षा होने वाली है

भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल के लिए यह बड़ी परीक्षा होने वाली है। हाल ही में शुभमन गिल T20 फॉर्मेट में एशिया कप में दिखाई दिए थे, लेकिन अब एक बार फिर रेड बॉल क्रिकेट में उन्हें अपने हाथ आज़माने होंगे। इंग्लैंड के खिलाफ 700 से ज्यादा रन बनाकर शुभमन गिल ने सभी को हैरान किया था। इसके अलावा ध्रुव जुरेल के लिए भी बड़ा मौका रहेगा। बता दें कि ऋषभ पंत इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में चोटिल हो गए थे, जिसके चलते वह वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली सीरीज से बाहर हो गए हैं। ऐसे में अगर जुरेल अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें आने वाली कई अहम सीरीज में भी मौका दिया जा सकता है।

नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम की पिच पर नजर डालें

अगर नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम की पिच पर नजर डाली जाए तो यह लाल मिट्टी से बनी हुई है, लेकिन पिच पर घास मौजूद है। ईएसपीएनक्रिकइंफो की एक रिपोर्ट माने तो इस लाल मिट्टी की पिच पर अच्छा उछाल देखने को मिल सकता है। हालांकि घास होने के चलते यह पिच जल्द ही टूटकर धूल भरी नजर आ सकती है, लेकिन फिर भी तेज गेंदबाजों को यहां अच्छी मदद मिलेगी। अगर इस पर धूल आ जाती है तो स्पिनर्स को मदद मिल सकती है। पहली पारी में औसत स्कोर 347 है, जबकि दूसरी पारी में औसत स्कोर 353 पहुंच जाता है। बल्लेबाजी के लिए भी यह पिच अच्छी मानी जाती है, लेकिन तीसरी और चौथी पारी में रन बनाना थोड़ा मुश्किल होने वाला है। वहीं शनिवार को अहमदाबाद में बारिश होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे पिच में बदलाव नजर आ सकता है।

ये रहेंगे तेज गेंदबाज

भारतीय टीम के सामने वेस्टइंडीज के मजबूत तेज गेंदबाजों की चुनौती रहने वाली है। हालांकि भारतीय टीम के पास भी तीन मुख्य तेज गेंदबाज रहेंगे प्रसिद्ध कृष्णा, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज। गेंदबाजी में रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव भी टीम को संभाल सकते हैं। चलिए जानते हैं भारत की प्लेइंग इलेवन किस प्रकार हो सकती है।

भारत की संभावित प्लेइंग 11

यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर), रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews