
भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारत ने कमाल का प्रदर्शन किया है। गेंदबाजी में तो वेस्टइंडीज को परेशान किया ही, लेकिन बल्लेबाजी में दीवार की तरह भारतीय बल्लेबाज टिके रहे। सबसे चौंकाने वाली बात रही कि ध्रुव जुरेल ने 210 गेंदों का सामना किया और 125 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि रवींद्र जडेजा ने भी 104 रनों की शानदार पारी खेली। भारत की ओर से तीन बल्लेबाजों ने अब तक शतक लगा दिए हैं, लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि भारतीय टीम कितने स्कोर पर पारी घोषित करेगी।
दूसरे दिन के खेल के अंत तक भारत ने 448 रन बना लिए और अपने पांच विकेट गंवाए। क्रीज पर रवींद्र जडेजा 104 रन बनाकर नॉट आउट हैं, जबकि वाशिंगटन सुंदर 9 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। अब तक इंडिया ने वेस्टइंडीज पर 286 रनों की बढ़त बना ली है। क्या भारतीय टीम 500 के ऊपर पहुंचने के बाद ही पारी घोषित करेगी या फिर दिन के लंच तक पारी घोषित करने वाली है।
भारत के तीन खिलाड़ियों ने जड़ा शतक
सबसे पहले भारतीय टीम की पहली पारी पर नजर डाली जाए तो यशस्वी जायसवाल 36 रन बनाकर आउट हो गए। एक छोर से केएल राहुल ने टीम को संभाल रखा, जबकि साई सुदर्शन भी सात रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लेकिन शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए टीम को संभाला। गिल की बदौलत 50 रनों की महत्वपूर्ण पारी निकली। गिल के आउट होने के बाद क्रीज पर आए ध्रुव जुरेल ने 125 रन बनाए। अपनी पारी में 15 चौके और तीन छक्के लगाए। केएल राहुल ने भी 100 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि रवींद्र जडेजा ने नाबाद 104 रन की पारी खेली है। वाशिंगटन सुंदर भी 13 रन खेल चुके हैं।
कितने स्कोर पर पारी घोषित करेगी भारतीय टीम?
बता दें कि यह पहला मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। यह लाल मिट्टी की पिच है, जिस पर तीसरे दिन तक बल्लेबाजी थोड़ी आसान होती है। भारतीय टीम चाहेगी कि तीसरे दिन लगभग 600 रन के करीब बनाए और वेस्टइंडीज पर 350 से ज्यादा की लीड हासिल कर ले। इसके बाद वेस्टइंडीज को दूसरी पारी में जल्दी आउट कर मैच जीतने की कोशिश करेगी। भारतीय टीम पहली पारी के दम पर ही मुकाबला जीत सकती है। वेस्टइंडीज के बल्लेबाज इस समय खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं, जबकि भारतीय गेंदबाज कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की बात की जाए तो सबसे ज्यादा विकेट रोस्टन चेज ने लिए हैं। कप्तान रोस्टन चेज ने दो सफलताएं हासिल की हैं, जबकि जायडेन सील्स, जोमेल वारिकन और खैरी पियरे को एक-एक सफलता हासिल हुई है।
भारत की प्लेइंग इलेवन
केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन
तेजनारायण चंद्रपॉल, जॉन कैंपबेल, एलिक अथानाजे, ब्रैंडन किंग, शाई होप (विकेटकीपर), रोस्टन चेज (कप्तान), जस्टिन ग्रीव्स, जोमेल वारिकन, खैरी पियरे, जोहान लेने, जायडेन सील्स।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

