
वेस्टइंडीज और भारत टेस्ट क्रिकेट के मैदान पर इस समय आमने-सामने हैं। दरअसल, वेस्टइंडीज के साथ हो रही टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और वेस्टइंडीज की टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। लेकिन इस मुकाबले में स्कोर से ज्यादा चर्चा भारतीय टीम की जर्सी को लेकर हो रही है। दरअसल, भारतीय टीम इस टेस्ट मुकाबले में 579 करोड़ रुपए की जर्सी पहनकर उतरी है। बता दें कि एशिया कप 2025 के मुकाबले में भारतीय टीम बिना स्पॉन्सर के मैदान पर उतरी थी, लेकिन उसी दौरान टीम को नया स्पॉन्सर मिल गया था। अब वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली बार भारतीय टीम स्पॉन्सर की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरी।
दरअसल, बीसीसीआई ने 579 करोड़ रुपए की बड़ी डील के तहत अपोलो टायर्स को अपना नया जर्सी स्पॉन्सर बनाया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ भी भारतीय खिलाड़ियों की जर्सी पर अपोलो का नाम लिखा हुआ दिखाई दिया। जैसे ही भारतीय खिलाड़ी मैदान पर उतरे तो सबकी निगाहें सीने पर चमकते हुए अपोलो टायर्स के लोगो पर टिक गईं।
अब जर्सी पर लिखा है अपोलो का नाम
इससे पहले भारतीय टीम का जर्सी स्पॉन्सर Dream11 था। हालांकि हाल ही में देश में ऑनलाइन गेम्स को लेकर प्रतिबंध लगाया गया, जिनमें फैंटेसी बेटिंग ऐप्स शामिल थे। इसी के चलते Dream11 को बीच में ही अपना अनुबंध छोड़ना पड़ा। अब Dream11 के बाद अपोलो टायर्स ने यह सुनहरा मौका हासिल कर लिया और बीसीसीआई के साथ 2028 तक की डील साइन कर ली। बोर्ड की ओर से इस बड़े ऑफर को स्वीकार कर लिया गया। यानी अब आने वाले ढाई साल तक भारतीय टीम की जर्सी पर अपोलो टायर्स की ब्रांडिंग ही दिखाई देगी।
विराट कोहली और रोहित शर्मा के बिना मैदान पर उतरे खिलाड़ी
जानकारी दे दें कि भारतीय टीम के लिए यह घरेलू सीरीज कई महीनों बाद होने वाली है। लंबे समय बाद दिग्गज खिलाड़ियों के बिना भारतीय टीम घरेलू मैदान पर टेस्ट सीरीज खेलने उतरी है। बता दें कि टेस्ट सीरीज में विराट कोहली और रोहित शर्मा के अलावा रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गज खिलाड़ी खेलते हुए नजर नहीं आ रहे हैं। विराट कोहली और रोहित शर्मा ने इंग्लैंड की टेस्ट सीरीज से पहले ही टीम को अलविदा कह दिया था, जबकि रविचंद्रन अश्विन ने 2024 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बीच ही संन्यास का निर्णय किया था। अब विराट कोहली और रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट खेलते हुए नजर आएंगे। हालांकि अहमदाबाद में युवा खिलाड़ियों का जोश देखने को मिला। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। केएल राहुल ने शानदार शतक जमाया तो वहीं मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी की।
भारत की प्लेइंग इलेवन
केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन
तेजनारायण चंद्रपॉल, जॉन कैंपबेल, एलिक अथानाजे, ब्रैंडन किंग, शाई होप (विकेटकीपर), रोस्टन चेज (कप्तान), जस्टिन ग्रीव्स, जोमेल वारिकन, खैरी पियरे, जोहान लेने, जायेडन सील्स।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

