
इस समय वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के नए चक्र के तहत टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। एक तरफ पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज खेली जा रही है, तो दूसरी ओर भारत और वेस्टइंडीज आमने-सामने हैं। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में तीसरे दिन बेहद शानदार खेल देखने को मिला है। पहले दिन भारत ने शानदार बल्लेबाजी की थी, जबकि दूसरा दिन भी भारत के नाम रहा। हालांकि तीसरे दिन दोनों टीमों ने अच्छा खेल दिखाया। वेस्टइंडीज ने तीसरे दिन वापसी की है। वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में अब तक 173 रन बन चुके हैं और उन्होंने अपने दो महत्वपूर्ण विकेट खो दिए हैं।
जानकारी दे दें कि भारत ने अपनी पहली पारी में 518 रन बनाए थे और पारी को डिक्लेयर किया था। भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 175 रन की पारी खेली थी, जबकि कप्तान शुभमन गिल के बल्ले से 129 रन निकले थे। वहीं वेस्टइंडीज की पहली पारी मात्र 248 रनों पर सिमट गई थी।
वेस्टइंडीज की पहली पारी पर नजर डालें
दरअसल, कुलदीप यादव और रविंद्र जडेजा ने वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को रन बनाने का कोई मौका नहीं दिया। कुलदीप यादव ने 5 विकेट, जबकि रविंद्र जडेजा ने 3 विकेट झटके थे। वेस्टइंडीज को मात्र 248 रनों पर आउट कर भारत ने उन्हें फॉलोऑन खेलने पर मजबूर कर दिया। वहीं फॉलोऑन के चलते वेस्टइंडीज दूसरी पारी के लिए मैदान पर उतरी। संभावना जताई जा रही थी कि वेस्टइंडीज की दूसरी इनिंग भी मुश्किलों से भरी रहेगी, लेकिन खराब शुरुआत के बाद जॉन कैम्पबेल और शाई होप ने शानदार बल्लेबाजी की है। वेस्टइंडीज की टीम ने दूसरी पारी में मात्र 17 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया था, जबकि दूसरा विकेट 35 के स्कोर पर गिरा था।
दूसरी पारी में शानदार वापसी
लेकिन सलामी बल्लेबाज जॉन कैम्पबेल अब तक नाबाद 87 रन बना चुके हैं और पारी को संभालकर रखा है, जबकि उनके साथ शाई होप ने भी बराबरी का साथ दिया है। होप के बल्ले से 66 रन निकल चुके हैं। दोनों खिलाड़ियों ने अब तक 138 रनों की साझेदारी की है। वेस्टइंडीज अभी भी भारत से 97 रन पीछे है। बता दें कि वेस्टइंडीज को अब भारत को लक्ष्य देना होगा। सवाल यह है कि क्या वेस्टइंडीज 400 से ऊपर का स्कोर बना पाएगी। कल टेस्ट मैच का चौथा दिन रहने वाला है। वेस्टइंडीज पूरे दिन बल्लेबाजी कर सकती है और भारत को पांचवें दिन चेज करने के लिए न्योता दे सकती है।
अब तक इन गेंदबाजों को मिली सफलता
भारत की ओर से अब तक मोहम्मद सिराज और वॉशिंगटन सुंदर ने एक-एक विकेट हासिल किया है, जबकि रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह को कोई सफलता नहीं मिली है। हालांकि यशस्वी जायसवाल ने भी एक ओवर फेंका है, लेकिन उन्हें भी कोई सफलता नहीं मिली है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11:
भारत: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
वेस्टइंडीज: तगेनारायण चंद्रपॉल, जॉन कैम्पबेल, एलिक एथनेज, रोस्टन चेज (कप्तान), शाई होप, टेवन इमलाक (विकेटकीपर), जस्टिन ग्रीव्स, खैरी पीयर, जोमेल वारिकन, एंडरसन फिलिप, जैडन सील्स।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

