आज से खेला जाएगा भारत-अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट, अफगान स्पिनर्स लेंगे भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा

भारतीय क्रिकेट टीम 8 महीने बाद टेस्ट मैच खेलेगी। अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट आज से मुल्लांपुर में है, जहां अफगान स्पिनर्स भारतीय बैटर्स का स्किल टेस्ट लेंगे।
आज से खेला जाएगा भारत-अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट, अफगान स्पिनर्स लेंगे भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा

भारतीय क्रिकेट टीम करीब 8 महीने बाद टेस्ट क्रिकेट खेलने मैदान पर उतरेगी। टीम इंडिया का मुकाबला आज अफगानिस्तान से मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में सुबह 9:30 बजे से होगा। इस एकमात्र टेस्ट मैच में अफगानिस्तान के स्पिन गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा लेते नजर आ सकते हैं।

विराट कोहली, रोहित शर्मा और चेतेश्वर पुजारा के रिटायरमेंट के बाद भारतीय टीम का बल्लेबाजी क्रम काफी नया नजर आ रहा है। मौजूदा टीम में केएल राहुल को छोड़ दें तो किसी भी खिलाड़ी ने 50 टेस्ट मैच नहीं खेले हैं। ऐसे में युवा खिलाड़ियों पर बड़ी जिम्मेदारी रहने वाली है। पिछली टेस्ट सीरीज में साउथ अफ्रीका ने भारत को 2-0 से हराया था। उस सीरीज में भारतीय बल्लेबाज स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ संघर्ष करते दिखे थे। अब अफगानिस्तान के मजबूत स्पिन अटैक के सामने टीम इंडिया के बल्लेबाजों की फिर परीक्षा होने वाली है।

कप्तान शुभमन गिल पर बड़ी जिम्मेदारी

कप्तान शुभमन गिल के सामने इस मैच में दो बड़े सवाल हैं। पहला सवाल नंबर-3 बल्लेबाज को लेकर है। चेतेश्वर पुजारा के बाद इस पोजिशन पर टीम को अब तक कोई स्थायी खिलाड़ी नहीं मिला है। टीम ने साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल जैसे खिलाड़ियों को मौका दिया है, लेकिन अभी तक कोई भी इस जगह पर पूरी तरह फिट नहीं बैठा है। दूसरा सवाल रवींद्र जडेजा की जगह खेलने वाले खिलाड़ी को लेकर है। जडेजा को इस सीरीज से आराम दिया गया है। ऐसे में कप्तान के पास राजस्थान के मानव सुथार और विदर्भ के हर्ष दुबे जैसे विकल्प हैं। मानव सुथार अपनी लेफ्ट आर्म स्पिन से प्रभावित कर रहे हैं, जबकि हर्ष दुबे गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देने की क्षमता रखते हैं।

अब तक अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट नहीं हारा भारत

वहीं भारत का अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में 100 प्रतिशत जीत का रिकॉर्ड है। हालांकि दोनों टीमों के बीच अब तक सिर्फ एक टेस्ट मैच खेला गया है। यह मुकाबला साल 2018 में बेंगलुरु में खेला गया था, जो अफगानिस्तान के टेस्ट इतिहास का पहला मैच भी था। अगर टेस्ट रिकॉर्ड की बात करें तो भारत ने अब तक 598 टेस्ट मैच खेले हैं। इनमें टीम को 185 जीत मिली हैं, जबकि 188 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। 224 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं और एक मैच टाई भी रहा है। वहीं अफगानिस्तान ने अब तक 12 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें टीम ने 4 जीते हैं और 7 में हार मिली है। एक मुकाबला ड्रॉ रहा है।

भारतीय कप्तान शुभमन गिल शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने 1 जनवरी 2025 के बाद से 9 मैचों में 983 रन बनाए हैं। केएल राहुल ने 10 मैचों में 813 रन बनाए हैं, जबकि यशस्वी जायसवाल के नाम 10 मैचों में 745 रन दर्ज हैं। गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। कुलदीप यादव भी 20 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। अफगानिस्तान की बात करें तो टीम ने 1 जनवरी 2025 के बाद सिर्फ 2 टेस्ट मैच खेले हैं। इन मैचों में रहमत शाह ने सबसे ज्यादा 158 रन बनाए हैं। वहीं राशिद खान 11 विकेट के साथ टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है:

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल/साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे/मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।

अफगानिस्तान: हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अब्दुल मलिक, सेदीकुल्लाह अटल, रहमत शाह, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह ओमरजई, अफसर जजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, कायस अहमद और बिलाल सामी।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews