Commonwealth Games 2022 : रेनुका के तूफान में उड़ी बारबाडोस, भारत ने 100 रन से जीत दर्ज कर कटाया सेमीफाइनल का टिकट

Commonwealth Games 2022 : रेनुका के तूफान में उड़ी बारबाडोस, भारत ने 100 रन से जीत दर्ज कर कटाया सेमीफाइनल का टिकट

खेल, डेस्क रिपोर्ट। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के अपने तीसरे मुकाबले में भारत ने रेनुका सिंह की धारदार गेंदबाजी और जेमिमा रोड्रिग्स द्वारा खेली गई अर्धशतकीय पारी के दम पर बारबाडोस को 100 रन से मात देकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। रेनुका सिंह ने अपने कोटे के 4 ओवरों में मात्र 10 रन देकर 4 विकेट हासिल किए वहीं जेमिमा ने 46 गेंदों पर 1 छक्के और 6 चौकों की मदद से 56 रन की नायाब पारी खेली।

163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बारबाडोस की टीम भारतीय गेंदबाजों ने रेनुका की अगुवाई में टिकने का मौका ही नहीं दिया। रेनुका ने 6वें ओवर तक ही चार विकेट निकालकर बारबाडोस की बैटिंग लाइन-अप को झकझोर के रख दिया। बारबाडोस के लिए सिर्फ किशोना नाइट (16 रन) और शकीरा सेल्मन (12 रन) ही दोहरे अंको में पहुंच सकी।

रेनुका के अलावा स्नेह राणा, मेघना सिंह, राधा यादव और कप्तान हरमनप्रीत ने एक-एक विकेट लिया।

इससे पहले बारबाडोस की कप्तान हेली मैथ्यूज ने टॉस जीतकर पहले भारतीय टीम को बल्लेबाजी करने का निमंत्रण दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना पांच रन के निजी योग पर पवेलियन लौट गई। इसके बाद क्रीज पर आई जेमिमा रोड्रिग्स ने सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा के साथ मिलकर पारी को संभाला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। शेफाली वर्मा ने 26 गेंदों पर 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से 43 रन की पारी खेली। लेकिन शेफाली के आउट होते ही कप्तान हरमनप्रीत (0) और विकेटकीपर तानिया भाटिया (6) भी जल्द ही पवेलियन लौट गई।

92 रन पर 4 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही टीम को जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा ने संभाला एवं पांचवे विकेट के लिए नाबाद 72 रन की साझेदारी कर बारबडोस के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। दीप्ति ने 28 गेंदों पर 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 34 रन बनाए।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews