क्या बारिश बिगाड़ेगी भारत-वेस्टइंडीज मैच? रद्द हुआ मुकाबला तो किसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट? जानिए

भारत और वेस्टइंडीज के बीच 1 मार्च को कोलकाता में होने वाला मुकाबला सेमीफाइनल के लिए निर्णायक है। इस मैच में जीत सीधे अंतिम-4 का टिकट देगी, लेकिन बारिश के कारण मैच रद्द होने की स्थिति में बेहतर नेट रन रेट के आधार पर वेस्टइंडीज की टीम बाजी मार जाएगी और भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा।
क्या बारिश बिगाड़ेगी भारत-वेस्टइंडीज मैच? रद्द हुआ मुकाबला तो किसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट? जानिए

भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 1 मार्च की तारीख बेहद अहम है, जब वह कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। यह मैच किसी क्वार्टर फाइनल से कम नहीं है, क्योंकि जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी। दोनों टीमों के अभी 2-2 अंक हैं, और इस मुकाबले में जीत के अलावा कोई दूसरा विकल्प उन्हें आगे नहीं ले जा सकता।

हालांकि, इस नॉकआउट जैसे मैच पर बारिश का खतरा भी मंडरा रहा है। अगर मौसम ने खेल बिगाड़ा और मैच रद्द करना पड़ा, तो टीम इंडिया के लिए यह किसी झटके से कम नहीं होगा। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर मैच बारिश की भेंट चढ़ गया तो क्या होगा?

अगर बारिश ने धोया मैच तो कौन जाएगा आगे?

मैच रद्द होने की स्थिति में दोनों टीमों, भारत और वेस्टइंडीज, को एक-एक अंक दिया जाएगा। इसके बाद दोनों ही टीमों के तीन-तीन अंक हो जाएंगे। ऐसे में फैसला नेट रन रेट (NRR) के आधार पर होगा। यहां वेस्टइंडीज की टीम भारत पर काफी भारी है। वेस्टइंडीज का नेट रन रेट +1.791 है, जो कि शानदार माना जाता है। वहीं, भारतीय टीम का नेट रन रेट -0.100 है, जो काफी कमजोर है।

स्पष्ट है कि अगर अंक बराबर हुए तो बेहतर नेट रन रेट के आधार पर वेस्टइंडीज की टीम सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएगी और भारत का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा।

जीत का सीधा समीकरण

इस मुकाबले के लिए समीकरण बिल्कुल साफ है- ‘जीतो और आगे बढ़ो’। अगर मैच का नतीजा निकलता है तो नेट रन रेट की कोई भूमिका नहीं रहेगी। भारतीय टीम चाहे एक रन से ही क्यों न जीते, वह सीधे अंतिम-4 में पहुंच जाएगी। इसलिए टीम इंडिया की पहली और एकमात्र कोशिश मैच जीतकर अपनी किस्मत अपने हाथ में रखने की होगी।

कैसा रहेगा कोलकाता का मौसम?

भारतीय फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि 1 मार्च को कोलकाता में मौसम के पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मैच के दिन आसमान में बादल नहीं होंगे और तेज धूप खिली रहेगी। दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे बारिश की कोई आशंका नहीं है। ऐसे में फैंस को एक रोमांचक और पूरा मुकाबला देखने को मिलेगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews