IPL 2026 से पहले KKR का बड़ा फैसला, हेड कोच को अचानक पद से हटाया

IPL 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने बड़ा फैसला लिया है. कोलकाता नाइट राइडर्स को चैंपियन बनाने वाले हेड कोच को हटा दिया है। आईपीएल 2025 में केकेआर का प्रदर्शन ठीक नहीं रहा और अब फ्रेंचाइजी और कोच के रास्ते अलग हो गए हैं।
IPL 2026 से पहले KKR का बड़ा फैसला, हेड कोच को अचानक पद से हटाया

आईपीएल 2025 का खिताब भले ही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने जीता हो, लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम भी चर्चा में रही। अब यह टीम एक बड़े फैसले के चलते फिर सुर्खियों में है। केकेआर ने अपने हेड कोच चंद्रकांत पंडित को अचानक पद से हटा दिया है। हालांकि टीम ने उनके हटने के पीछे कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है, लेकिन माना जा रहा है कि खराब प्रदर्शन इसका अहम कारण हो सकता है।

चंद्रकांत पंडित की केकेआर से छुट्टी

चंद्रकांत पंडित करीब तीन साल से केकेआर के हेड कोच थे और उनकी कोचिंग में ही टीम ने 2024 में आईपीएल का खिताब जीता था। मगर 2025 का सीजन टीम के लिए बेहद निराशाजनक रहा। इतना ही नहीं, टीम ने खिताब जिताने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर को भी रिलीज कर दिया था। अय्यर फिर पंजाब किंग्स से मोटी कीमत पर जुड़ गए और टीम को फाइनल तक पहुंचाया। यह दिखाता है कि उनकी कप्तानी में दम था, बावजूद इसके केकेआर ने उन्हें बाहर कर दिया।

IPL 2025 में फ्लॉप रहा टीम

2025 के सीजन में केकेआर ने अजिंक्य रहाणे को कप्तान बनाया, लेकिन यह दांव पूरी तरह से विफल रहा। टीम ने 14 में से सिर्फ 5 मुकाबले जीते और 7 में हार झेली। अंक तालिका में केकेआर आठवें स्थान पर रही। टीम के 12 अंक थे, जो लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बराबर थे, लेकिन केकेआर का नेट रन रेट काफी खराब था। इस प्रदर्शन से टीम प्रबंधन भी नाखुश नजर आया।

अब केकेआर के इस फैसले के बाद सवाल यह उठ रहा है कि क्या चंद्रकांत पंडित को सिर्फ खराब प्रदर्शन की वजह से हटाया गया या इसके पीछे कुछ और कारण हैं। फिलहाल इस पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। लेकिन यह तय है कि टीम अब जल्द ही अपने नए हेड कोच की घोषणा कर सकती है, ताकि अगली तैयारी समय पर शुरू की जा सके। आईपीएल 2026 में अभी वक्त है, लेकिन टीमें पूरे साल तैयारी में जुटी रहती हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि केकेआर प्रबंधन जल्द ही नए कोच की तलाश पूरी करेगा। फैंस की नजर अब इस बात पर टिकी है कि अगला कोच कौन होगा और टीम फिर से पटरी पर लौट पाएगी या नहीं।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews