IPL 2026 का 59वां मुकाबला आज लखनऊ में होगा। दरअसल अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) आमने-सामने होंगे। मैच शाम 7.30 बजे शुरू होगा। चेन्नई के लिए यह मुकाबला प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए बेहद अहम है। टीम लगातार तीन मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ टीम टूर्नामेंट से पहले ही बाहर हो चुकी है।
दरअसल दोनों टीमें अब तक 8वीं बार आमने-सामने होंगी। इनके बीच 7 मैच खेले गए हैं। LSG और CSK ने 3-3 मैच जीते हैं। एक मुकाबला बेनतीजा रहा। पिछले सीजन में दोनों के बीच एक मैच हुआ था। वह मुकाबला CSK ने जीता था। इस सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार भिड़ेंगी। चेपॉक में खेला गया पिछला मैच भी CSK ने अपने नाम किया था।
पॉइंट्स टेबल में 10वें स्थान पर लखनऊ
लखनऊ के लिए यह सीजन निराशाजनक रहा है। टीम पॉइंट्स टेबल में 10वें स्थान पर है। कप्तान ऋषभ पंत खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। इसका असर टीम के प्रदर्शन पर पड़ा है। निकोलस पूरन, जोश इंग्लिस और मिचेल मार्श जैसे खिलाड़ी अकेले मैच पलटने की क्षमता रखते हैं। घरेलू मैदान का फायदा लखनऊ को मिल सकता है। मिचेल मार्श टीम के टॉप रन स्कोरर हैं। उन्होंने 11 मैचों में 377 रन बनाए हैं।
लखनऊ की गेंदबाजी यूनिट रनों पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है। वे लक्ष्य बचाने में भी सफल नहीं रहे। पहले लेग में लखनऊ 203 रन का स्कोर भी डिफेंड नहीं कर पाई थी। प्रिंस यादव टीम के टॉप विकेट टेकर हैं। उन्होंने 11 मैचों में 8.17 की इकोनॉमी से 16 विकेट लिए हैं।
ऑलराउंडर जेमी ओवरटन IPL से बाहर
मैच से पहले चेन्नई को बड़ा झटका लगा है। ऑलराउंडर जेमी ओवरटन IPL से बाहर हो गए हैं। उन्हें जांघ में चोट लगी है। वे इलाज के लिए इंग्लैंड लौट गए हैं। ओवरटन ने इस सीजन में 10 मैचों में 14 विकेट लिए थे। उनकी गैरमौजूदगी में गेंदबाजी की जिम्मेदारी मुकेश चौधरी, अंशुल कंबोज और नूर अहमद पर होगी। अंशुल कंबोज 11 मैचों में 19 विकेट लेकर टीम के टॉप विकेटटेकर हैं।
चेन्नई की बल्लेबाजी इस सीजन में उतार-चढ़ाव भरी रही है। ऋतुराज गायकवाड, संजू सैमसन और उर्विल पटेल ने टीम को संभाला है। उर्विल की आक्रामक बल्लेबाजी ने पावरप्ले में टीम को तेज शुरुआत दी है। मिडिल ओवर्स में शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस से बड़े स्कोर की उम्मीद है। इकाना की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है। संजू सैमसन टीम के टॉप रन स्कोरर हैं। उन्होंने 11 मैचों में 169.29 की स्ट्राइक रेट से 430 रन बनाए हैं।
पिच रिपोर्ट पर डालें नजर
इकाना स्टेडियम में अब तक 27 IPL मैच खेले गए हैं। यहां की पिच पर स्पिनर्स को मदद मिलने की उम्मीद है। पिछले मैच में सुपर ओवर देखने को मिला था। 11 मैच में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को जीत मिली। 14 मैच में चेज करने वाली टीमों ने जीत हासिल की। IPL का सबसे बड़ा स्कोर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के नाम है। उन्होंने 2024 में लखनऊ के खिलाफ 235/6 रन बनाए थे। सबसे छोटा स्कोर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के नाम दर्ज है। 2023 में वे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 108 रन पर सिमट गए थे।
आज लखनऊ में होने वाले मैच के दौरान मौसम साफ रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। मैच के समय तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। आसमान साफ रहेगा।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है:
चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, अकील हुसैन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी, सरफराज खान।
लखनऊ सुपर जाइंट्स: मिचेल मार्श, जोस इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), ऐडन मार्करम, अक्षत रघुवंशी, हिम्मत सिंह, शहबाज अहमद, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और दिग्वेश राठी।






