Hindi News

IPL 2026 में आज पंजाब और मुंबई के बीच मुकाबला, PBKS पर 4 हार का दबाव, MI हो चुकी है बाहर

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आईपीएल 2026 में आज पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच धर्मशाला में मैच खेला जाएगा। दरअसल पंजाब पर लगातार चार हार का दबाव है, जबकि मुंबई चुनौती पेश कर सकती है।
IPL 2026 में आज पंजाब और मुंबई के बीच मुकाबला, PBKS पर 4 हार का दबाव, MI हो चुकी है बाहर

आईपीएल 2026 में आज पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में आमने-सामने होंगे, जहां पंजाब पर लगातार चार हार का दबाव है। दरअसल शाम 7 बजे टॉस के साथ यह मुकाबला शुरू होगा। लगातार चार मैच हार चुकी पंजाब किंग्स के लिए यह मैच बेहद अहम है, क्योंकि धर्मशाला में हारने पर उन्हें अगले दो मैच जीतने होंगे। वहीं मुंबई इंडियंस, जो अपने पिछले मैच में बेंगलुरु को कड़ी टक्कर देकर हारी थी, पंजाब के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकती है। भुवनेश्वर के एक छक्के ने मुंबई को बेंगलुरु के खिलाफ जीत से वंचित कर दिया था।

दरअसल पंजाब की सबसे बड़ी परेशानी उसकी गेंदबाजी है, इस बात को कप्तान श्रेयस अय्यर भी मान चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि टूर्नामेंट की शुरुआत में बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के कारण गेंदबाजी की कमजोरियां सामने नहीं आई थीं, लेकिन अब यह चिंता का विषय बन गई हैं। पिछले मैच में पंजाब ने दिल्ली के खिलाफ एक जीती हुई स्थिति से आखिरी 5 ओवरों में मैच गंवा दिया था, जो उनकी गेंदबाजी की कमजोरी को दर्शाता है।

हेड टू हेड रिकॉर्ड पर डालें नजर

वहीं दोनों टीमों के पिछले रिकॉर्ड की बात करें तो पंजाब और मुंबई बराबरी पर हैं। इन दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 35 मैच खेले गए हैं, जिसमें दोनों ने 17-17 मैच जीते हैं। एक मैच टाई भी रहा है। आज जो टीम जीतेगी, वह हेड-टु-हेड रिकॉर्ड में बढ़त हासिल करेगी। इस सीजन में पंजाब किंग्स के लिए कूपर कोनोली शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 11 मैचों में 415 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 168.01 रहा है। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने 11 मैचों में 13 विकेट लिए हैं, उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 22 रन देकर 3 विकेट रहा है।

रायन रिकेल्टन शानदार फॉर्म में

मुंबई इंडियंस की ओर से रायन रिकेल्टन ने 9 मैचों में 382 रन बनाए हैं। उनके नाम एक शतक और दो अर्धशतक हैं, साथ ही उनका स्ट्राइक रेट 188.17 रहा है। गेंदबाजी में अल्लाह गजनफर ने 9 मैचों में 13 विकेट लिए हैं, उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 17 रन देकर 2 विकेट रहा है।

अर्शदीप सिंह की अगुवाई वाला पंजाब का पेस अटैक इस सीजन में सबसे खराब इकोनॉमी रेट वाला रहा है। लॉकी फर्ग्यूसन और बेन ड्वार्शिस जैसे बदलावों के बावजूद टीम लय नहीं पकड़ पा रही है। इस पिच पर युजवेंद्र चहल को प्लेइंग-11 में जगह मिलती है या नहीं, यह देखना दिलचस्प होगा। यह सीजन मुंबई के सबसे खराब सीजन में से एक रहा है। टीम ने 11 में से सिर्फ 3 मैच जीते हैं और 6 अंकों के साथ 9वें स्थान पर है। कप्तान हार्दिक पंड्या हल्की चोट के कारण पिछले दो मैचों से बाहर हैं, उनकी गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव कप्तानी कर रहे हैं, जो खुद पिछले एक साल से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। धर्मशाला में जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट की गेंदबाजी पर खास नजर रहेगी।

धर्मशाला की पिच पर डालिए नजर

धर्मशाला का हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम देश के सबसे खूबसूरत क्रिकेट मैदानों में से एक है। यहां की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार रहती है, जिससे बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। काली मिट्टी की सतह हार्ड होती है और लगातार अच्छा बाउंस देती है, जिससे बल्लेबाज खुलकर शॉट खेल पाते हैं। धर्मशाला की ऊंचाई भी बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद रहती है। हाई-एल्टीट्यूड कंडीशंस की वजह से गेंद हवा में तेजी से ट्रैवल करती है, जिससे यहां लंबे छक्के और हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं।

क्या बारिश बिगाड़ेगी खेल?

14 मई को धर्मशाला में, कांगड़ा वैली में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। शाम के समय तापमान 12 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि ह्यूमिडिटी 65-75% तक रहने की उम्मीद है। बारिश के कारण मैच में रुकावट या देरी की आशंका जरूर है, लेकिन HPCA स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम काफी अच्छा माना जाता है। इससे पहले 11 मई का मुकाबला भी दोपहर की बारिश के बावजूद समय पर शुरू हुआ था।

आज के मैच के लिए पंजाब किंग्स की संभावित प्लेइंग-XII में प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोयनिस, सूर्यांश शेडगे, मार्को यानसन, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल और यश ठाकुर शामिल हो सकते हैं। शशांक सिंह इम्पैक्ट प्लेयर हो सकते हैं। मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग-XII में रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, विल जैक्स, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, अल्लाह गजनफर और जसप्रीत बुमराह शामिल हो सकते हैं। रोहित शर्मा इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका निभा सकते हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews