Hindi News

यूपी में आंधी-बारिश और बिजली का कहर, 40 से अधिक लोगों की मौत, CM योगी ने दिए मुआवजे के निर्देश

Written by:Ankita Chourdia
Published:
उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली से हुए भारी नुकसान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 24 घंटे में मुआवजे का आदेश दिया है।
यूपी में आंधी-बारिश और बिजली का कहर, 40 से अधिक लोगों की मौत, CM योगी ने दिए मुआवजे के निर्देश

उत्तर प्रदेश में बीते दिनों आई आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने प्रदेश भर में भारी तबाही मचाई है। दरअसल इस प्राकृतिक आपदा से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और पीड़ितों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बेमौसम बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने से जिन लोगों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को राहत पहुंचाने का यह काम अगले 24 घंटे के भीतर पूरा कर लिया जाए। इसके लिए स्थानीय प्रशासन को हर संभव कदम उठाने के लिए कहा गया है ताकि किसी भी पीड़ित को परेशानी का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों समेत अन्य विभागों के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया

वहीं इस स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने राजस्व विभाग, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को भी निर्देशित किया है कि वे तत्काल प्रभाव से प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का विस्तृत सर्वे कराएं। सर्वे के बाद नुकसान का सही आंकलन कर इसकी रिपोर्ट शासन को जल्द से जल्द अवगत कराने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि सर्वे पूरा होने के बाद बिना किसी देरी के पीड़ितों को मुआवजा राशि वितरित की जाए। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र पीड़ित सहायता से वंचित न रहे।

40 से अधिक लोगों की मौत हुई

गौरतलब है कि बीते बुधवार को प्रदेश में आई आंधी-तूफान ने कई जगहों पर भारी नुकसान पहुंचाया है। इस प्राकृतिक आपदा में न केवल आर्थिक क्षति हुई है, बल्कि कई लोगों को अपनी जान से भी हाथ धोना पड़ा है। आंकड़ों के अनुसार, इस तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं में 40 से अधिक लोगों की मौत हुई है। सबसे ज्यादा नुकसान भदोही जिले में दर्ज किया गया है, जहां अकेले 17 लोगों की दुखद मौत हुई है। बरेली में भी एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां एक शख्स तूफान से बचने के लिए टीन शेड पकड़ कर खड़ा था, लेकिन तूफान इतना प्रचंड था कि वह उसे उड़ा ले गया। इस घटना में शख्स के हाथ-पांव टूट गए और इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके अलावा, कई घरों और खेतों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिससे किसानों और आम जनता को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग ने गुरूवार को भी प्रदेश के कई जिलों में मौसम बिगड़ने का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे खुले स्थानों पर न रुकें और सुरक्षित स्थानों पर ही शरण लें। यह एहतियात बरतने की अपील की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। प्रदेश में फिलहाल मौसम का मिजाज बदला हुआ है और लोगों को सावधानी बरतने की सख्त हिदायत दी गई है।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews