आईपीएल 2026 के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को सिर्फ 1 रन से हरा दिया। दरअसल अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया यह मैच आखिरी गेंद तक चला और दर्शकों की सांसें थामे रहा। वहीं इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। हालांकि मैच के दौरान कप्तान शुभमन गिल की एक गलती पर टीम के हेड कोच आशीष नेहरा का गुस्सा भी चर्चा का विषय बन गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 210 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान शुभमन गिल ने 70 रनों की शानदार पारी खेली। इसके अलावा जोस बटलर ने 52 रन और वाशिंगटन सुंदर ने 55 रनों की अहम अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। यह लक्ष्य दिल्ली कैपिटल्स के लिए चुनौतीपूर्ण जरूर था, लेकिन उनकी बल्लेबाजी ने मुकाबले को काफी रोमांचक बना दिया।
दिल्ली कैपिटल्स की शानदार शुरुआत
211 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को केएल राहुल और पथुम निसांका ने अच्छी शुरुआत दिलाई। निसांका ने 41 रन बनाए जबकि केएल राहुल ने 92 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया। हालांकि राहुल के आउट होने के बाद लगातार विकेट गिरने लगे और मैच का रुख धीरे-धीरे गुजरात की तरफ झुकने लगा।
दिल्ली की पारी के 16वें ओवर में एक ऐसा पल आया जिसने मैच में बड़ा मोड़ ला दिया। ट्रिस्टन स्टब्स ने एक रन के लिए दौड़ लगाई और इसी दौरान शुभमन गिल ने गेंद पकड़कर स्ट्राइकर एंड की ओर फेंकी। गेंद सीधे विकेट से टकराई लेकिन उसके बाद बाउंड्री लाइन के पार चली गई। इस ओवरथ्रो की वजह से दिल्ली कैपिटल्स को चार अतिरिक्त रन मिल गए। मैच के उस नाजुक समय पर यह चार रन बेहद अहम थे।
Nehra ji 😭😭😭😭😭😭 pic.twitter.com/o4RUL5VEEh
— Lala (@FabulasGuy) April 8, 2026
आशीष नेहरा को आया गिल पर गुस्सा
इस गलती के बाद बाउंड्री लाइन के पास खड़े गुजरात टाइटंस के हेड कोच आशीष नेहरा काफी नाराज नजर आए। कैमरे में कैद वीडियो में वह गुस्से में चिल्लाते हुए दिखाई दिए। उनका यह रिएक्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया।
दिल्ली कैपिटल्स की इस करीबी हार में एक और अहम पल अंतिम ओवर में देखने को मिला। टीम के अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर ने 41 रनों की तेज पारी खेलकर मैच को रोमांचक बना दिया था। अंतिम ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने शानदार छक्का लगाकर दिल्ली को जीत के करीब पहुंचा दिया। हालांकि पांचवीं गेंद पर मिलर ने एक रन लेने से मना कर दिया। अगर वह रन ले लेते तो स्कोर बराबर हो सकता था और मैच सुपर ओवर में जा सकता था। इसके बाद आखिरी गेंद पर स्ट्राइक कुलदीप यादव के पास थी, लेकिन वह गेंद को ठीक से खेल नहीं सके और रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए।






