Hindi News

आज IPL 2026 के फाइनल में आमने सामने होगी RCB और GT, दोनों टीमों के पास दूसरा टाइटल जीतने का मौका

Written by:Rishabh Namdev
Published:
अहमदाबाद में आज आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगे, दोनों टीमें दूसरे खिताब पर नजर गड़ाए हुए हैं। जानकारी दे दें कि बेंगलुरु ने पिछले साल अपना पहला खिताब जीता था, जबकि गुजरात 2022 में अपने पहले ही सीजन में चैंपियन बनी थी।
आज IPL 2026 के फाइनल में आमने सामने होगी RCB और GT, दोनों टीमों के पास दूसरा टाइटल जीतने का मौका

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का फाइनल खेला जाएगा, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे। दरअसल यह मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। दोनों टीमों के पास दूसरी बार खिताब जीतने का मौका है। बेंगलुरु ने पिछले साल अपना पहला खिताब जीता था, जबकि गुजरात 2022 में अपने पहले ही सीजन में चैंपियन बनी थी।

दरअसल आईपीएल फाइनल के पिछले रिकॉर्ड देखें तो क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम ने ही पिछले आठ फाइनल जीते हैं। 2016 के बाद से सभी फाइनल मैच क्वालिफायर-1 खेलने वाली टीमों के बीच ही खेले गए हैं। 2016 में हैदराबाद एलिमिनेटर जीतकर चैंपियन बनी थी। फाइनल में 200 से अधिक का स्कोर जीत की गारंटी माना जाता है। पिछले 18 साल में आईपीएल फाइनल में 200+ का स्कोर कभी चेज नहीं हुआ है। 2008 से 2025 तक फाइनल में चार बार 200 से अधिक का स्कोर बना है, जिसे कभी सफलतापूर्वक चेज नहीं किया जा सका।

क्वालिफायर-1 में RCB ने GT को हराया था

पिछली भिड़ंत में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को हराया था। 26 मई को धर्मशाला में खेले गए उस मुकाबले में बेंगलुरु की टीम गुजरात पर 92 रनों से हावी रही थी। लीग राउंड में दोनों टीमों का दो बार आमना-सामना हुआ है। 30 अप्रैल को गुजरात ने अपने घर में चार विकेट से जीत हासिल की थी, जबकि 24 अप्रैल को बेंगलुरु ने अपने होमग्राउंड पर पांच विकेट से जीत दर्ज की थी। दोनों टीमों के बीच अब तक नौ आईपीएल मैच खेले गए हैं, जिनमें बेंगलुरु पांच जीत के साथ गुजरात से एक जीत आगे है। गुजरात ने चार मैचों में जीत दर्ज की है।

GT के ये खिलाड़ी कर सकते हैं कमाल

गुजरात टाइटंस के शीर्ष तीन खिलाड़ियों में शुभमन गिल, साई सुदर्शन और कगिसो रबाडा शामिल हैं। शुभमन गिल ने क्वालिफायर-2 में राजस्थान के खिलाफ 104 रनों की शतकीय पारी खेली थी और इस सीजन में छह अर्धशतक भी लगाए हैं। वह 15 मैचों में 722 रन बना चुके हैं। साई सुदर्शन ने राजस्थान के खिलाफ 58 रन बनाए और गिल के साथ 77 गेंदों पर 167 रनों की शतकीय साझेदारी की थी। वह 16 मैचों में 710 रन बना चुके हैं। कगिसो रबाडा मौजूदा सीजन में सबसे ज्यादा 28 विकेट ले चुके हैं। उन्होंने राजस्थान के खिलाफ दो विकेट झटके, जिनमें वैभव सूर्यवंशी (96 रन) का महत्वपूर्ण विकेट भी शामिल था।

RCB के इन खिलाड़ियों पर नजर

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के शीर्ष तीन खिलाड़ियों में विराट कोहली, रजत पाटीदार और भुवनेश्वर कुमार प्रमुख हैं। विराट कोहली ने पिछले मैच में गुजरात के खिलाफ 43 रन बनाए थे और इस सीजन में 600 रन पूरे कर चुके हैं। उन्होंने अब तक खेले 15 मैचों में एक शतक और चार अर्धशतक लगाए हैं। रजत पाटीदार ने क्वालिफायर-1 में गुजरात के खिलाफ नाबाद 93 रनों की पारी खेलकर टीम का स्कोर 250 के पार पहुंचाया था। इस सीजन में उन्होंने 14 मैचों में 196.76 के स्ट्राइक रेट से 486 रन बनाए हैं। भुवनेश्वर कुमार पर्पल कैप की रेस में दूसरे स्थान पर हैं और 15 मैचों में 26 विकेट हासिल कर चुके हैं। उन्होंने गुजरात के खिलाफ पिछले मैच में दो विकेट लिए थे।

चोट और फिटनेस की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ क्वालिफायर-2 के दौरान मोहम्मद सिराज के कंधे में परेशानी देखी गई थी। उन्होंने अपना स्पेल पूरा किया था, लेकिन फाइनल से पहले उनकी फिटनेस गुजरात के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

पिच और मौसम रिपोर्ट के अनुसार, नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है। यहां मौजूदा सीजन में केवल तीन बार ही 200 का स्कोर पार हुआ है। ऐसे में गुजरात के गेंदबाज होम कंडीशंस पर बेंगलुरु के बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा लेंगे। इस मैदान पर दोनों टीमों का पिछला रिकॉर्ड बराबरी पर है, दोनों ने एक-एक मैच जीते हैं।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-12 इस प्रकार है:

बेंगलुरु की टीम में विराट कोहली, वेंकटेश अय्यर, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम और रोमारियो शेफर्ड शामिल हो सकते हैं।

गुजरात की टीम में शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और राहुल तेवतिया को जगह मिल सकती है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews