आज IPL 2026 में KKR के लिए ‘करो या मरो’ मैच, गुजरात टाइटंस से होगी टक्कर, GT बन सकती है टेबल टॉपर

आज ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस के बीच IPL 2026 का 60वां मुकाबला खेला जाएगा। दरअसल KKR के लिए प्लेऑफ में बने रहने के लिए यह जीत बेहद जरूरी है, वहीं GT की नजरें टॉप-2 में जगह बनाने पर हैं।
आज IPL 2026 में KKR के लिए 'करो या मरो' मैच, गुजरात टाइटंस से होगी टक्कर, GT बन सकती है टेबल टॉपर

प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स को आज गुजरात टाइटंस के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। दरअसल आईपीएल 2026 का 60वां मुकाबला ईडन गार्डन्स में शाम 7.30 बजे शुरू होगा। करीब एक महीने बाद KKR अपने घरेलू मैदान पर वापसी कर रही है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस की निगाहें जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 पर जगह पक्की करने पर हैं।

दरअसल दोनों टीमें छठी बार आमने-सामने होंगी। अब तक हुए 5 मैचों में KKR ने 1 और GT ने 4 मैच जीते हैं। पिछले सीजन में भी दोनों के बीच एक मैच हुआ था, जिसे GT ने जीता था। इस सीजन में भी अहमदाबाद में खेला गया पिछला मुकाबला गुजरात टाइटंस ने ही जीता था।

KKR के लिए यह ‘करो या मरो’ मैच

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए यह ‘करो या मरो’ की स्थिति है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में टीम का यह सीजन अब तक निराशाजनक रहा है। पिछले साल टीम उनके नेतृत्व में आठवें नंबर पर रही थी, जिसके बाद उन्हें दोबारा कप्तान बनाए जाने पर सवाल उठे थे। इस सीजन में भी KKR को पहली जीत के लिए सातवें मैच तक इंतजार करना पड़ा। गलत टीम सिलेक्शन और बैटिंग ऑर्डर में लगातार बदलाव के कारण टीम कभी सेटल नजर नहीं आई।

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 19 अप्रैल को मिली जीत के बाद KKR ने लगातार चार मैच जीते थे। हालांकि, RCB के खिलाफ पिछले मैच में खराब फील्डिंग और विराट कोहली की बल्लेबाजी के कारण उसका विजयी अभियान रुक गया। KKR के पास अब तीन मैच बचे हैं। टीम तीनों मैच जीतकर भी अधिकतम 15 अंक तक ही पहुंच पाएगी। ऐसे में प्लेऑफ के लिए उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा।

वरुण चक्रवर्ती कर सकते हैं वापसी

KKR के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के बाद वापसी कर सकते हैं। RCB के खिलाफ मैच में बाएं पैर में फ्रैक्चर की वजह से वह नहीं खेल पाए थे, जिसका असर टीम पर दिखा था। इस सीजन में कोलकाता की बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी रही है। सौरव गांगुली ने रिंकू सिंह को बैटिंग ऑर्डर में नीचे भेजने पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, अंगकृष रघुवंशी और उप-कप्तान रिंकू सिंह टीम के लिए सकारात्मक रहे हैं। अंगकृष ने 11 मैचों में 139.34 की स्ट्राइक रेट से 340 रन बनाए हैं, जबकि रिंकू ने 148.95 की स्ट्राइक रेट से 286 रन बनाए हैं। गुजरात के खिलाफ इन दोनों पर बड़ी जिम्मेदारी होगी।

शानदार लय में गुजरात टाइटंस

शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस इस समय सबसे संतुलित टीमों में से एक है। टीम लगातार पांच मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर चल रही RCB के बराबर पहुंच गई है। गुजरात की कामयाबी के पीछे उसका मजबूत बॉलिंग अटैक है। कगिसो रबाडा, जेसन होल्डर और राशिद खान लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। रबाडा 12 मैचों में 21 विकेट के साथ टीम के टॉप विकेट टेकर हैं।

ओपनर साई सुदर्शन शानदार फॉर्म में हैं। पिछले साल 759 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीतने वाले सुदर्शन इस सीजन में 501 रन बना चुके हैं। वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले हेनरिक क्लासन से सिर्फ 7 रन पीछे हैं। कप्तान शुभमन गिल भी बेहतरीन टच में हैं, जिससे गुजरात का टॉप ऑर्डर खतरनाक नजर आ रहा है।

जानिए पिच कैसी रहेगी?

ईडन गार्डन्स की पिच इस सीजन में स्पिनर्स के लिए मददगार रही है। हालांकि, यहां बल्लेबाजों को भी अच्छा सपोर्ट मिलता है। पिच पर अच्छा बाउंस और तेज आउटफील्ड होने से चौके-छक्के ज्यादा लगते हैं। शुरुआत में तेज गेंदबाजों और मिडल ओवर्स में स्पिनर्स को मदद मिल सकती है। यहां अब तक 104 IPL मैच खेले गए हैं। 43 मैच पहले बल्लेबाजी और 59 मैच चेज करने वाली टीमों ने जीते हैं।

कोलकाता में आज का मौसम गर्म और उमस भरा रहने का अनुमान है। दिन में धूप और शाम को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री के बीच रह सकता है। दक्षिण दिशा से करीब 12 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी।

दोनों टीमों की प्लेइंग-12 इस प्रकार है:

गुजरात टाइटंस में शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज के साथ प्रसिद्ध कृष्णा शामिल हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स में अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रोवमन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वैभव अरोड़ा और मनीष पांडे को मौका मिल सकता है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews