पिछले मैच में 155 रन पर सिमटने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आज लखनऊ सुपर जायंट्स से भिड़ेगी। दरअसल यह मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर काबिज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को पिछले मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने 4 विकेट से हराया था। बेंगलुरु की टीम यह मैच जीतकर प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करने उतरेगी। वहीं, लगातार 6 हार के बाद पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे पहुंच चुकी लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह मुकाबला साख बचाने जैसा होगा।
दरअसल दोनों टीमों के बीच IPL में अब तक 7 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2 जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 5 मैच जीते हैं। इस सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी। बेंगलुरु में हुए पहले मुकाबले में RCB ने लखनऊ को 5 विकेट से शिकस्त दी थी। पिछले सीजन में भी दोनों के बीच एक मुकाबला हुआ था, जिसमें बेंगलुरु ने ही जीत दर्ज की थी। इकाना में दोनों टीमें दो बार भिड़ चुकी हैं और दोनों ही बार बेंगलुरु विजयी रही है।
RCB पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर मौजूद
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर है। हालांकि, तीन अन्य टीमों के भी 12-12 अंक हैं। गुजरात टाइटंस से मिली हार के बाद बेंगलुरु का नेट रन रेट प्रभावित हुआ है। टीम इसे सुधारने की कोशिश करेगी। दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए टूर्नामेंट लगभग खत्म हो चुका है। हालांकि, ऋषभपंत की कप्तानी वाली टीम बेंगलुरु का खेल बिगाड़ सकती है।
लखनऊ सुपर जायंट्स का हाल जानिए
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह सीजन निराशाजनक रहा है। टीम के विदेशी खिलाड़ी मिचेल मार्श, एडन मार्करम और निकोलस पूरन लगातार संघर्ष कर रहे हैं। कप्तान ऋषभ पंत की फॉर्म भी सवालों के घेरे में है। बैटिंग ऑर्डर में लगातार बदलाव की रणनीति टीम को भारी पड़ी है। अब उनका सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के अनुभवी गेंदबाजों भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड से होगा। इन गेंदबाजों ने दिल्ली कैपिटल्स को 75 रन पर समेट दिया था। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए गेंदबाजी में प्रिंस यादव (13 विकेट) और मोहसिन खान (10 विकेट) ही सफल रहे हैं। मोहम्मद शमी की खराब फॉर्म और डेथ ओवर्स में रन रोकने में नाकामी टीम की सबसे बड़ी कमजोरी रही है।
विराट कोहली RCB के टॉप रन स्कोरर
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बल्लेबाजी इस सीजन में आक्रामक रही है। विराट कोहली 379 रन के साथ टीम के टॉप रन स्कोरर हैं। पिछले मुकाबले में टीम की बल्लेबाजी बिखर गई थी। स्कोर 79/2 से 96/6 हो गया और पूरी टीम 155 रन पर सिमट गई थी। ओपनर फिल सॉल्ट की उंगली की चोट टीम के लिए बड़ा झटका है। उनकी गैरमौजूदगी में जैकब बेथेल पर विराट कोहली के साथ तेज शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। कप्तान रजत पाटीदार और देवदत्त पडिक्कल से भी मध्यक्रम में बड़े स्कोर की उम्मीद है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास अनुभवी तेज गेंदबाजी आक्रमण है। भुवनेश्वर कुमार नई गेंद से विकेट निकाल रहे हैं। जोश हेजलवुड का सटीक स्पेल बल्लेबाजों को बांधे रखता है। स्पिन में क्रुणाल पंड्या 9 विकेट लेकर प्रभावशाली रहे हैं।
पिच पर डालें नजर
लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच पर स्पिनर्स को मदद मिलने की उम्मीद है। यहां अब तक कुल 26 IPL मैच खेले गए हैं। इनमें 10 मैच में पहले बैटिंग करने वाली टीम जीती है। 14 में चेज करने वाली टीमों को जीत मिली। एक मैच बेनतीजा भी रहा जबकि एक का फैसला सुपर ओवर में हुआ। इकाना में IPL का सबसे बड़ा स्कोर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के नाम दर्ज है। KKR ने 2024 में लखनऊ के खिलाफ 235/6 रन बनाए थे। वहीं, सबसे छोटा स्कोर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के नाम दर्ज है। वे 2023 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ महज 108 रन पर सिमट गए थे।
लखनऊ में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम में हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की 25% संभावना है। अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 27 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI इस प्रकार है:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, जैकब बेथेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, रोमारियो शेफर्ड।
लखनऊ सुपर जाइंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), निकोलस पूरन, मिचेल मार्श, एडन मार्करम, आयुष बडोनी, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, प्रिंस यादव, आवेश खान, शाहबाज अहमद, अब्दुल समद।






