Hindi News

संजय मांजरेकर ने बताई वैभव सूर्यवंशी की सबसे बड़ी कमजोरी, भविष्य के लिए दी ये सलाह

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आईपीएल में धमाल मचाने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने सबसे बड़ी कमजोरी बताई है, साथ ही उन्हें भविष्य के लिए अहम सलाह भी दी है। चलिए जानते हैं उन्होंने क्या कहा?
संजय मांजरेकर ने बताई वैभव सूर्यवंशी की सबसे बड़ी कमजोरी, भविष्य के लिए दी ये सलाह

आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से धूम मचाने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी इन दिनों चर्चा का केंद्र बने हुए हैं, लेकिन अब पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने उनकी सबसे बड़ी कमजोरी पर खुलकर बात की है। मांजरेकर ने वैभव को यह भी बताया है कि अगर उन्हें आलोचकों से इज्जत पानी है तो उन्हें क्या सुधार करना होगा।

दरअसल राजस्थान रॉयल्स ने जब वैभव सूर्यवंशी को पिछले सीजन में खरीदा था तब उनकी उम्र सिर्फ 13 साल थी। 14 साल की उम्र में उन्होंने आईपीएल में अपना डेब्यू किया और पहले ही सीजन में 35 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। इससे पहले वह अपनी उम्र को लेकर सुर्खियों में रहते थे, लेकिन बहुत कम समय में उन्होंने खुद को एक विस्फोटक बल्लेबाज के रूप में स्थापित कर लिया है। आज अच्छे-अच्छे गेंदबाज उनके सामने गेंदबाजी करने से घबराते हैं। वैभव पहली गेंद से ही आक्रामक खेलना पसंद करते हैं। उन्होंने तो जसप्रीत बुमराह की पहली गेंद पर भी छक्का जड़ा था। हालांकि, संजय मांजरेकर ने उनकी एक बड़ी कमजोरी की ओर इशारा करते हुए कहा कि यदि सिर्फ टी20 खेलना है और पैसा कमाना है, तो यह ठीक है। लेकिन अगर आप चाहते हैं कि आलोचक आपको इज्जत दें, तो आपको गेंद की लाइन में आकर खेलना सीखना होगा।

आयरलैंड दौरे पर मौका दिया जा सकता है

वैभव सूर्यवंशी को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि आईपीएल 2026 खत्म होने के बाद उन्हें आयरलैंड दौरे पर राष्ट्रीय टीम में चुना जा सकता है। अगर ऐसा होता है, तो वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे। यह रिकॉर्ड फिलहाल महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम है। संजय मांजरेकर का भी मानना है कि वैभव अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने के लिए तैयार हैं, लेकिन फिलहाल सिर्फ टी20 फॉर्मेट के लिए ही। उन्होंने यह भी कहा कि वैभव को अभी कुछ क्षेत्रों पर काम करने की जरूरत है।

मांजरेकर ने की तारीफ

मांजरेकर मानते हैं कि वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन टीम इंडिया में जगह पाने की दावेदारी के लिए पर्याप्त है। स्पोर्टस्टार से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आईपीएल और एसएमएटी में उनके प्रदर्शन को देखें तो वह तैयार दिखते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल जैसे स्थापित ओपनर्स की मौजूदगी में उनके लिए टीम में जगह बनाना आसान नहीं होगा। पूर्व क्रिकेटर का मानना है कि यदि वैभव को लंबे फॉर्मेट में खेलना है, तो उन्हें अपनी तकनीक में कुछ बदलाव करने होंगे।

टेस्ट क्रिकेट को लेकर दी सलाह

संजय मांजरेकर मानते हैं कि टी20 के कई सफल बल्लेबाजों की तरह ही वैभव सूर्यवंशी भी गेंद की लाइन से दूर जाकर शॉट खेलते हैं। जबकि टेस्ट क्रिकेट में आमतौर पर सलाह दी जाती है कि गेंद के करीब आकर खेला जाए। पूर्व क्रिकेटर ने स्पष्ट किया कि दक्षिण अफ्रीका या ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में आप गेंद से दूर जाकर खेलोगे, तो अधिक रन नहीं बना पाओगे। उन्होंने दोहराया कि टी20 बल्लेबाजी ठीक है यदि आप अपने बच्चे को अमीर बनाना चाहते हो, लेकिन आलोचकों से इज्जत पानी है तो गेंद की लाइन में आकर खेलना सीखना होगा।

करियर पर डालें नजर

आईपीएल 2026 में भी वैभव सूर्यवंशी ने एक तूफानी शतक जड़ा है। उन्होंने एसआरएच के खिलाफ 103 रन बनाए थे। जारी सीजन में खेली गई 10 पारियों में वह 404 रन बना चुके हैं, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। आईपीएल करियर में वह अब तक 17 मैचों में 61 छक्के जड़ चुके हैं, जो उनके द्वारा लगाए गए चौकों (53) से भी ज्यादा है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews