
भारत–दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। दोनों टीमों के बीच अब तक दो मुकाबले खेले जा चुके हैं और दोनों ही टीमों ने एक-एक मुकाबला अपने नाम किया है। पहला मुकाबला 30 नवंबर को खेला गया था, जिसमें भारतीय टीम ने शानदार जीत हासिल की थी, जबकि दूसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका की टीम ने इतिहास रचते हुए जीत दर्ज की थी। दूसरा मुकाबला रायपुर के मैदान पर 3 दिसंबर को खेला गया था। इस मुकाबले में भारत ने 358 रन बनाए थे, लेकिन बावजूद इसके भारत इस स्कोर को डिफेंड करने में नाकाम रहा था।
लेकिन भारत को मिली हार के बाद टीम पर कई तरह के सवाल खड़े होने लगे। दरअसल इतना बड़ा स्कोर दक्षिण अफ्रीका की टीम ने चेज कर लिया, जिसे कई बड़े दिग्गजों ने नापसंद किया। इसी कड़ी में पूर्व खिलाड़ी इरफान पठान ने भी अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है।
रविंद्र जडेजा के प्रदर्शन पर सवाल खड़े किए
दरअसल पूर्व खिलाड़ी इरफान पठान ने रविंद्र जडेजा के प्रदर्शन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविंद्र जडेजा ने आखिरी दस ओवर में धीमी गति से बल्लेबाजी की थी। बता दें कि आखिरी 10 ओवर में भारत ने मात्र 74 रन बनाए थे। भारत ने जिस प्रकार शुरुआत की थी और विराट कोहली व ऋतुराज गायकवाड़ ने शानदार पारी खेली थी, इरफान पठान का मानना है कि भारत को 400 के स्कोर तक पहुंचना चाहिए था। लेकिन भारत ने आखिरी दस ओवर में जिस प्रकार बल्लेबाजी की, वह निराशाजनक था। रविंद्र जडेजा ने 27 गेंद में मात्र 24 रन की पारी खेली, जिसके चलते इरफान पठान ने इस पारी की आलोचना की है।
जडेजा का इरादा निराशाजनक था: इरफान पठान
इरफान पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि
‘रविंद्र जडेजा ने 27 गेंद खेलकर 24 रन बनाए, जो बेहद धीमी गति की पारी थी। कमेंट्री के समय भी हम कह रहे थे कि इससे टीम इंडिया को नुकसान हो सकता है और अंत में ऐसा ही हुआ। अगर आप 300 से ऊपर का स्कोर बनाते हैं तो मजबूत स्थिति में होते हैं। हर कोई शोएब के ज्यादा स्ट्राइक रेट से खेल रहा है, जबकि आपका स्ट्राइक रेट मात्र 88 का है, जिससे साफ होता है कि उनकी पारी में तत्परता कहीं न कहीं कम थी। कभी-कभी धीमी पारी आ जाती है, लेकिन जडेजा का इरादा निराशाजनक था।’
विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ ने जड़ा था शतक
बता दें कि इस मुकाबले में विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ के अलावा केएल राहुल ने भी शानदार पारी खेली थी। विराट कोहली ने इस मुकाबले में 102 रन बनाए थे, ऋतुराज गायकवाड़ ने 105 रनों की शानदार पारी खेली थी और केएल राहुल ने भी तेज गति से अर्धशतक जड़ा था। इरफान पठान का मानना है कि अगर रविंद्र जडेजा आखिरी दस ओवर में तेज गति से रन बनाते तो भारत 400 के स्कोर तक पहुंच सकता था और भारतीय टीम यह मुकाबला जीत सकती थी।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

