IND vs NZ: जसप्रीत बुमराह दूसरे T20I से बाहर, चोट की अटकलों पर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने लगाया विराम

न्यूजीलैंड के खिलाफ रायपुर में खेले जा रहे दूसरे टी20 मैच में जसप्रीत बुमराह को प्लेइंग XI में शामिल नहीं किया गया. उनकी चोट की अटकलों के बीच कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है.
IND vs NZ: जसप्रीत बुमराह दूसरे T20I से बाहर, चोट की अटकलों पर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने लगाया विराम

भारत और न्यूजीलैंड के बीच रायपुर में खेले जा रहे दूसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया के प्लेइंग XI से तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का नाम नदारद था. उनके बाहर होते ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच उनकी फिटनेस को लेकर अटकलें तेज हो गईं. हालांकि, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के समय इन सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया.

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में बुमराह की जगह युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को टीम में मौका दिया गया है. पहले मैच में बुमराह के सिर्फ तीन ओवर फेंकने के बाद से ही उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठ रहे थे.

कप्तान ने बताई आराम देने की वजह

टॉस के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्लेइंग XI में बदलाव की जानकारी दी. उन्होंने साफ किया कि जसप्रीत बुमराह चोटिल नहीं हैं, बल्कि उन्हें आराम दिया गया है. सूर्यकुमार ने कहा, “यह 5 मैचों की लंबी सीरीज है, इसलिए वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए बुमराह को इस मैच में रेस्ट दिया गया है.”

गौरतलब है कि बुमराह ने नागपुर में खेले गए पहले टी20 मैच में केवल 3 ओवर ही गेंदबाजी की थी और उन्हें कोई विकेट भी नहीं मिला था. इसी वजह से फैंस को लगा कि शायद वह पूरी तरह फिट नहीं हैं.

टीम में कुलदीप यादव की भी वापसी

बुमराह के अलावा टीम में एक और बदलाव किया गया. स्पिनर कुलदीप यादव की टीम में वापसी हुई है. उन्हें अक्षर पटेल की जगह शामिल किया गया. अक्षर पहले टी20 मुकाबले के दौरान चोटिल हो गए थे, जिसके कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था.

बता दें कि भारतीय टीम ने नागपुर में खेला गया पहला मुकाबला 48 रनों से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है. उस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना सर्वोच्च T20I स्कोर (238/7) बनाया था.

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews