टीम इंडिया में लंबे समय बाद करुण नायर ने वापसी की थी, लेकिन खराब प्रदर्शन के चलते उन्हें एक बार फिर टीम से बाहर कर दिया गया था। करुण नायर की वापसी से पहले सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर क्रेज बना हुआ था। दरअसल, रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के कारण उन्हें भारतीय टीम में फिर से मौका दिया गया था। लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज के दौरान करुण नायर का बल्ला एकदम फ्लॉप रहा, जिसके चलते वेस्ट इंडीज के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में उन्हें मौका नहीं दिया गया। मगर अब एक बार फिर करुण नायर ने रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया है।

दरअसल, रणजी ट्रॉफी में अब करुण नायर ने 267 गेंदों पर नाबाद 174 रनों की पारी खेली है। इस पारी में करुण नायर ने 14 चौके और तीन छक्के लगाए हैं और अपने फर्स्ट क्लास क्रिकेट का 25वां शतक पूरा किया है। अब सवाल यह है कि क्या शानदार प्रदर्शन को देखते हुए फिर भारतीय टीम में करुण नायर की जगह बन पाएगी।

दोहरे शतक से चूके करुण नायर

हालांकि, करुण नायर ने 25 अक्टूबर को ही अपना शतक पूरा कर लिया था, जबकि 26 अक्टूबर को दोहरे शतक की ओर बढ़ रहे करुण नायर को किसी भी खिलाड़ी का साथ नहीं मिला और कर्नाटक की पूरी टीम 371 पर सिमट गई। करुण नायर ने नाबाद 174 रनों की पारी खेली। दरअसल, करुण नायर दोहरे शतक की ओर तेजी से बढ़ रहे थे लेकिन इसी बीच आखिरी विकेट कर्नाटक का विद्युत कुबरप्पा के रूप में गिरा। विद्युत वीरप्पा रन आउट हो गए, जिसके चलते कर्नाटक की पारी समाप्त हुई। करुण नायर ने रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में पहली बार इस तरह का प्रदर्शन नहीं किया है। बता दें कि करुण ने पहले सौराष्ट्र के खिलाफ भी 73 रनों की पारी खेली थी।

8 साल के लंबे अंतराल के बाद हुई थी वापसी

दरअसल, करुण नायर को 8 साल के लंबे अंतराल के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी का मौका मिला था। उन्हें इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम का हिस्सा बनाया गया था, लेकिन उनका बल्ला बुरी तरह से फ्लॉप रहा। विराट कोहली के रिटायरमेंट के बाद नंबर 3 के लिए करुण नायर को मौका दिया गया था। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए चार मुकाबलों में 25.62 की औसत से सिर्फ 205 रन बनाए। हालांकि कुछ पारियों में करुण नायर की अच्छी शुरुआत देखने को मिली, लेकिन वे उसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाए थे।

लेकिन गोवा के खिलाफ खेली गई पारी ने एक बार फिर भारतीय टीम में उनकी वापसी के दरवाजे खोल दिए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में क्या भारतीय टीम में एक बार फिर करुण नायर की जगह बनेगी, यह देखना दिलचस्प रहेगा। बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज के बाद सेलेक्टर अजीत आगरकर ने यह साफ किया था कि ‘हम हर खिलाड़ी को 15 से 20 मौके देना चाहते हैं, लेकिन आज के समय में ऐसा संभव नहीं है।’