जब कोच की बेटी से ही हो गया इस क्रिकेटर को प्यार, जानिए फिर कैसे शादी तक पहुंची बात

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और प्रियंका चौधरी की प्रेम कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। एक वक्त था जब दोनों के रास्ते अलग हो गए थे लेकिन वक्त ने उन्हें फिर से मिलाया और दोनों ने शादी कर एक खूबसूरत रिश्ता शुरू किया। जानिए कैसे शुरू हुई इनकी लव स्टोरी।
Suresh Raina and Priyanka Chaudhary

सुरेश रैना को क्रिकेट की दुनिया में एक आक्रामक बल्लेबाज, शानदार फील्डर और जबरदस्त स्पिन बॉलर के तौर पर जाना जाता हैं। लेकिन रैना की पर्सनल लाइफ भी उतनी ही दिलचस्प रही है। दरअसल गाजियाबाद के मुरादनगर में जन्मे रैना की लव स्टोरी की शुरुआत बचपन से ही हो गई थी। प्रियंका चौधरी से उनकी पहली मुलाकात तब हुई जब रैना क्रिकेट की ट्रेनिंग ले रहे थे और प्रियंका के पिता तेजपाल चौधरी उनके कोच थे। इस दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, लेकिन समय के साथ दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में व्यस्त हो गए और संपर्क टूट गया।

दरअसल सुरेश रैना जब अपने करियर की शुरुआत कर रहे थे तो स्पोर्ट्स हॉस्टल में शिफ्ट हो गए थे। वहीं, प्रियंका ने इंजीनियरिंग के बाद नीदरलैंड्स में बैंकिंग सेक्टर की नौकरी शुरू की थी। दरअसल दोनों की जिंदगी अलग-अलग मोड़ पर आगे बढ़ने लगी। करीब छह साल तक कोई संपर्क नहीं रहा। लेकिन साल 2008 में दिल्ली एयरपोर्ट पर पांच मिनट की एक मुलाकात ने इस अधूरी कहानी को फिर से शुरू कर दिया। रैना आईपीएल खेलने जा रहे थे और प्रियंका नीदरलैंड्स लौट रही थीं। इस छोटी-सी मुलाकात ने दोनों के बीच फिर से एक कनेक्शन बना दिया।

रैना की जिंदगी की सबसे खूबसूरत फ्लाइट

वहीं इसके बाद दोनों ने धीरे-धीरे संपर्क बनाए रखा और बातों का सिलसिला बढ़ने लगा। फिर एक दिन ऐसा भी आया जब रैना ने अपनी मोहब्बत प्रियंका को शादी के लिए प्रपोज किया। खास बात ये रही कि इसके लिए रैना ने करीब 40 घंटे का सफर तय किया। उस वक्त रैना ऑस्ट्रेलिया में वर्ल्ड कप खेल रहे थे और प्रियंका इंग्लैंड में थीं। प्रियंका के बुलावे पर रैना इंग्लैंड पहुंचे और उन्हें अंगूठी पहनाकर शादी के लिए प्रपोज किया। रैना के मुताबिक ये उनकी जिंदगी की सबसे खूबसूरत फ्लाइट थी क्योंकि जाते वक्त दिल में प्यार था और लौटते वक्त प्यार को अपनाने की खुशी।

शादी के बाद बदला जीवन, छोड़ी नौकरी

दरअसल, 3 अप्रैल 2015 को सुरेश रैना और प्रियंका ने शादी की। इसके बाद प्रियंका ने अपनी नौकरी छोड़ दी और परिवार के साथ समय बिताने का फैसला किया। शादी के बाद उनके घर एक बेटी ग्रेसिया और बेटा रियो का जन्म हुआ। सुरेश रैना ने एक शो में हंसते हुए बताया था कि लोग पूछते हैं क्या वह प्रियंका के पिता से बैटिंग सीखने जाते थे या उनकी ‘फील्डिंग’ करने। इस पर उन्होंने जवाब दिया, “लड़की का दिल जीतने के लिए काफी फील्डिंग करनी पड़ती है। मैंने भी बहुत फील्डिंग की है।”

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews