हेटमायर ने फेरा निकोलस पूरन के शतक पर पानी, MLC के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर हुआ चेज

अमेरिका में चल रही मेजर लीग क्रिकेट (MLC) के एक मुकाबले में शिमरन हेटमायर ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर सिएटल ऑर्कस को शानदार जीत दिलाई। वहीं निकोलस पूरन का तूफानी शतक भी टीम को जीत नहीं दिला सका। यह MLC के इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज बन गया है।
हेटमायर ने फेरा निकोलस पूरन के शतक पर पानी

MLC 2025 का 28 जून का मुकाबला क्रिकेट फैंस के लिए किसी फिल्मी सीन से कम नहीं रहा। एमआई न्यूयॉर्क ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 237 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान निकोलस पूरन ने ताबड़तोड़ अंदाज़ में 108 रन की पारी खेली, लेकिन मैच के असली हीरो बने सिएटल ऑर्कस के शिमरन हेटमायर। हेटमायर ने 40 गेंदों पर 97 रन बनाते हुए टीम को आखिरी गेंद पर 6 रन की जरूरत में जीत दिलाई। वहीं उनकी यह पारी MLC इतिहास की सबसे बड़ी सफल रन चेज का हिस्सा बन गई।

दरअसल MLC में अब तक इतने बड़े लक्ष्य का पीछा कभी सफलतापूर्वक नहीं किया गया था। लेकिन सिएटल ऑर्कस ने 238 रन के लक्ष्य को हासिल कर इतिहास रच दिया। हालांकि शुरुआत खराब रही 138 रन पर 5 विकेट गिर चुके थे और मैच पूरी तरह एमआई न्यूयॉर्क के पक्ष में था।

आखिरी 2 ओवर में 32 रन की जरूरत थी

लेकिन इसके बाद शिमरन हेटमायर ने कमान संभाली और बिना घबराए विकेट पर टिके रहे। उन्होंने छोटे-छोटे पार्टनरशिप बनाए और धीरे-धीरे मैच को आखिरी ओवर तक खींच लाए। दरअसल आखिरी 2 ओवर में 32 रन की जरूरत थी और हेटमायर ने एहसान आदिल की गेंदबाजी में तीन बड़े छक्के लगाकर गेम को मोड़ दिया। जब 6 गेंद में 9 रन बचे तो पोलार्ड जैसे अनुभवी गेंदबाज़ ने ओवर संभाला, लेकिन हेटमायर ने उनकी अंतिम गेंद को डीप फाइन लेग के ऊपर से छक्का मारते हुए जीत दिला दी। इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 8 शानदार छक्के लगाए।

पूरन का शतक गया बेकार

वहीं एमआई न्यूयॉर्क के लिए निकोलस पूरन ने शानदार कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 60 गेंदों में 7 चौके और 8 छक्कों की मदद से 108 रन बनाए। पूरन की बल्लेबाज़ी देखकर लग रहा था कि यह स्कोर असंभव होगा, लेकिन सिएटल की वापसी ने सबको चौंका दिया। दरअसल तजिंदर ढिल्लों ने भी 35 गेंदों में 95 रन की आतिशी पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। उनकी पारी ने एमआई को 237 रन तक पहुंचाया, जो इस लीग के हिसाब से बेहद बड़ा स्कोर माना जाता है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews