Hindi News

मोहम्मद सिराज ने रचा इतिहास, इस मामले में कपिल देव और इशांत शर्मा को भी पीछे छोड़ा

Written by:Rishabh Namdev
Published:
जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में मोहम्मद सिराज ने एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में 6 विकेट चटकाकर न सिर्फ इंग्लैंड की कमर तोड़ी बल्कि भारतीय क्रिकेट इतिहास में भी बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है।
मोहम्मद सिराज ने रचा इतिहास, इस मामले में कपिल देव और इशांत शर्मा को भी पीछे छोड़ा

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने एजबेस्टन में ऐसा कारनामा कर दिखाया है जो आज से पहले कोई भारतीय गेंदबाज नहीं कर पाया था। मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में 6 विकेट लेकर इतिहास रच दिया है। दरअसल उन्होंने न सिर्फ इशांत शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा, बल्कि एजबेस्टन में सबसे बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले भारतीय गेंदबाज भी बन गए है। वहीं मोहम्मद सिराज की इस धमाकेदार परफॉर्मेंस ने टीम इंडिया को मुकाबले में जबरदस्त बढ़त दिला भी दी है।

दरअसल एजबेस्टन की पिच पर जहां स्पिनर्स का बोलबाला माना जाता है, वहां सिराज ने पेस अटैक से कहर बरपाया है। उन्होंने 19.3 ओवर में 70 रन देकर 6 विकेट चटकाए हैं। खास बात ये रही कि उन्होंने इंग्लैंड के बड़े-बड़े नामों को पवेलियन भेजा जिसमें बेन स्टोक्स, जो रूट, जैक क्रॉली, ब्रायडन कार्स, जोश टंग और शोएब बशीर का नाम शामिल है।

पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा

वहीं इस शानदार प्रदर्शन के साथ मोहम्मद सिराज एजबेस्टन में एक पारी में 6 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज भी बन गए हैं। इससे पहले इशांत शर्मा ने 2018 में यहां 5 विकेट लिए थे, लेकिन सिराज ने उन्हें पीछे छोड़ दिया। सिराज अब कपिल देव, चेतन शर्मा और इशांत शर्मा की लिस्ट में शामिल होकर नया मुकाम बना चुके हैं। मोहम्मद सिराज का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास बन जाता है क्योंकि जसप्रीत बुमराह इस मैच में नहीं खेल रहे थे और भारत का पेस अटैक कुछ हद तक कमजोर माना जा रहा था। हालांकि मोहम्मद सिराज ने मोर्चा संभाला और अपनी तेज गति, स्विंग और सही लाइन लेंथ से इंग्लैंड के टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया।

ये है भारत की तरफ से एजबेस्टन में 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट –

कपिल देव (5/146, 1979)

चेतन शर्मा (6/58, 1986)

इशांत शर्मा (5/51, 2018)

मोहम्मद सिराज (6/70, 2025)

टीम इंडिया की मजबूत पकड़

वहीं एजबेस्टन टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म होते-होते भारत ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। पहली पारी में भारत ने 587 रन बनाए थे, जिसमें शुभमन गिल का दोहरा शतक और रवींद्र जडेजा के 89 रन अहम रहे। जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम 407 रनों पर सिमट गई। दरअसल भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया को पहली पारी में 180 रनों की बढ़त मिली। इसके बाद दूसरी पारी में भारत ने एक विकेट खोकर 64 रन बना लिए हैं। केएल राहुल 28 रन और करुण नायर 7 रन बनाकर नाबाद लौटे।