
भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट के दूसरे दिन अपने करियर की एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। सिराज अब इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 या उससे अधिक विकेट लेने वाले भारत के 25वें खिलाड़ी बन गए हैं। सिराज का प्रदर्शन तीनों फॉर्मेट में लगातार प्रभावशाली रहा है और उन्होंने खुद को टीम इंडिया के एक भरोसेमंद तेज गेंदबाज के तौर पर स्थापित किया है।
मोहम्मद सिराज के लिए खास पल
ओवल टेस्ट के दौरान इंग्लैंड की पहली पारी में मोहम्मद सिराज ने ओली पोप को आउट कर यह उपलब्धि हासिल की। इंग्लैंड की ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए तेज शुरुआत करते हुए स्कोर 90 के पार पहुंचाया था। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए ओली पोप को सिराज ने लंच के बाद 22 रन पर एलबीडब्ल्यू आउट कर इंटरनेशनल करियर का 200वां विकेट लिया। सिराज ने साल 2017 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था और अब तक कुल 101 मैचों में 29.12 की औसत से यह आंकड़ा छुआ है।
सिराज अब भारत के 14वें तेज गेंदबाज बन गए हैं जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 से ज्यादा विकेट लिए हैं। उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 117, वनडे में 71 और टी20 इंटरनेशनल में 14 विकेट हैं। तेज गेंदबाजों की इस खास सूची में शामिल होकर सिराज ने एक और मुकाम हासिल कर लिया है, जिससे उनके भविष्य में भारत के प्रमुख गेंदबाज बने रहने की उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।
मोहम्मद सिराज का इकॉनमी रेट भी काफी संतुलित रहा है। इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने अब तक 4.55 की इकॉनमी से गेंदबाजी की है, जो तीनों फॉर्मेट को देखते हुए अच्छा आंकड़ा माना जाता है। उनके नाम 5 बार पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड भी दर्ज है, जो उनकी स्ट्राइक बॉलर की भूमिका को दर्शाता है।
मोहम्मद सिराज का यह प्रदर्शन ना सिर्फ उनके आत्मविश्वास को बढ़ाएगा, बल्कि भारत के लिए एक मजबूत गेंदबाजी विकल्प के रूप में उनकी स्थिति और मजबूत करेगा। आने वाले मुकाबलों में उनसे और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
