USA के खिलाफ 3 विकेट लेने के बाद मोहम्मद सिराज ने खोला राज, बताया कैसे सूर्यकुमार यादव के फोन को समझ बैठे थे मजाक

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में USA के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज मैच के बाद भावुक नजर आए। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा किया कि टूर्नामेंट से ठीक 24 घंटे पहले जब सूर्यकुमार यादव ने उन्हें टीम में शामिल होने की खबर दी, तो उन्हें यह एक मजाक लगा था।
USA के खिलाफ 3 विकेट लेने के बाद मोहम्मद सिराज ने खोला राज, बताया कैसे सूर्यकुमार यादव के फोन को समझ बैठे थे मजाक

T20 वर्ल्ड कप 2026 में अमेरिका के खिलाफ 3 विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में काफी भावुक दिखे। उन्होंने उस नाटकीय घटनाक्रम का खुलासा किया जिसके तहत उन्हें टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिला। सिराज ने बताया कि किस्मत ने ऐसी पलटी मारी कि 24 घंटे पहले तक जिसे वह सपना समझ रहे थे, वह हकीकत बन गया।

सिराज को चोटिल हर्षित राणा की जगह अंतिम समय में स्क्वॉड में शामिल किया गया था। वह इस बात से पूरी तरह अनभिज्ञ थे कि उनकी किस्मत में वर्ल्ड कप खेलना लिखा है। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के साथ आराम कर रहे थे और वर्ल्ड कप की कोई उम्मीद नहीं थी।

जब सूर्या के फोन को समझ लिया मजाक

सिराज ने उस पल को याद किया जब सूर्यकुमार यादव ने उन्हें फोन करके यह खुशखबरी दी। उन्होंने इसे एक प्रैंक कॉल समझ लिया था। सिराज के अनुसार, यह सब कुछ बहुत तेजी से हुआ।

“मुझे 24 घंटे पहले ही पता चला। मैं फ्लाइट में बैठा था तब भी मुझे यकीन नहीं हो रहा था, लग रहा था जैसे कोई सपना हो। मैंने सोचा नहीं था कि वर्ल्ड कप खेलूंगा। एक साल से मैं टी20 नहीं खेल रहा था तो मुझे पता था कि मैं इस वर्ल्ड कप का हिस्सा नहीं हूं। लेकिन ऊपर वाले ने पूरी तकदीर ही बदल दी।” — मोहम्मद सिराज

उन्होंने आगे बताया, “मुझे एक मैसेज आया कि ‘आपका आगे क्या प्लान है?’ तो मैंने कहा मुझे तंग मत करो, मैं आराम कर रहा हूं। तभी मुझे सूर्यकुमार यादव का फोन आया। सूर्या ने कहा कि ‘मिया तैयार हो जा और बैग पैक करके आ जा’। मैंने कहा कि सूर्या भाई मजाक मत करो क्योंकि ये तो होने वाला नहीं है।”

सिराज ने बताया कि सूर्यकुमार को जोर देकर कहना पड़ा, “मिया मैं सच बोल रहा हूं, आजा।” यह सुनने के बाद सिराज के लिए यह एक चौंकाने वाली खबर थी। उन्होंने कहा, “ऊपर वाले ने जो लिख दिया है, उसे कोई नहीं बदल सकता। मैं न सिर्फ टीम में आया बल्कि मैच भी खेला। ईश्वर महान है।”

‘मौका मिला तो रणजी वाला प्लान अपनाया’

जब उनसे पूछा गया कि क्या इस मौके को भुनाने के लिए वह अतिरिक्त जोश में थे, तो सिराज ने पेशेवर रवैये का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “इमोशन तो रहता ही है। एक खिलाड़ी के लिए वर्ल्ड कप खेलना एक अलग सपना होता है। मैंने सोचा कि जैसा मैं रणजी ट्रॉफी में करता आ रहा हूं, वैसा ही करना है।”

उन्होंने अपनी गेंदबाजी रणनीति पर कहा, “नई गेंद से हिट करना आसान नहीं था, इसलिए मैंने विकेट टू विकेट गेंदबाजी करने पर ध्यान दिया और मुझे वहां विकेट भी मिले।”

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews