
मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल (IPL) 2026 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। कोलकाता ने इस खिलाड़ी को खरीदने में बड़ी रकम खर्च की थी और टीम उन्हें एक मजबूत गेंदबाज के तौर पर देख रही थी, लेकिन अब आईपीएल 2026 में यह खिलाड़ी खेलता हुआ नजर नहीं आएगा। दरअसल बीसीसीआई के आदेश के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज कर दिया है। बता दें कि लगातार मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल में खिलाने का विरोध किया जा रहा था।
अब मुस्तफिजुर रहमान के बाहर होने से सभी के मन में एक और सवाल खड़ा हो गया है कि क्या MI भी अब शाकिब अल हसन को टीम से बाहर का रास्ता दिखाएगी, क्योंकि इंटरनेशनल लीग T20 में शाकिब अल हसन MI एमिरेट्स का हिस्सा हैं।
क्या शाकिब अल हसन को भी बाहर जाना पड़ेगा?
दरअसल शाकिब अल हसन इंटरनेशनल लीग T20 में MI एमिरेट्स टीम का हिस्सा हैं। मौजूदा संस्करण में यह टीम फाइनल में पहुंच चुकी है। 4 जनवरी को MI एमिरेट्स और डेजर्ट वाइपर्स के बीच यह फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। बता दें कि भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को लेकर विरोध किया जा रहा है। यह विरोध भारत आकर खेलने को लेकर हो रहा है, जबकि इंटरनेशनल लीग T20 के मुकाबले संयुक्त अरब अमीरात में खेले जा रहे हैं। ऐसे में शाकिब अल हसन पर इसका असर नहीं पड़ेगा। अगर शाकिब आईपीएल में MI की टीम का हिस्सा होते, तो उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता था। बता दें कि शाकिब अल हसन IPL 2026 में मुंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा नहीं है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
जानकारी दे दें कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के बाद भारत में बांग्लादेश के खिलाफ आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में इस विरोध का असर आईपीएल पर भी देखने को मिला। दरअसल बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने खरीदा था, जिसे लेकर टीम मालिक शाहरुख खान की जमकर आलोचना हुई। वहीं बीसीसीआई की ओर से कोलकाता नाइट राइडर्स को आदेश दिया गया कि मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर किया जाए। इसके बाद कोलकाता ने यह फैसला लिया। कोलकाता नाइट राइडर्स ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट जारी करते हुए लिखा कि बीसीसीआई के रेगुलेटर ने आईपीएल के आगामी संस्करण से पहले टीम को निर्देश दिया कि वह मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करे और इस निर्देश के बाद यह फैसला लिया गया है। अब बीसीसीआई KKR को मुस्तफिजुर के रिप्लेसमेंट की इजाजत देगा।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

