Hindi News

भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए शानदार खबर! जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर बड़ा अपडेट आया सामने, पढ़ें यह खबर

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आईसीसी की ओर से चैंपियंस ट्रॉफी के स्क्वाड में बदलाव करने की अंतिम तारीख सभी टीमों के लिए 11 फरवरी तय की गई है। हालांकि, अभी तक जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर कोई क्लीयरेंस नहीं मिल सकी थी। जिसके चलते बीसीसीआई के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई थी। हालांकि, हाल ही में बुमराह की फिटनेस को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है।

भारतीय क्रिकेट फैंस इस समय जसप्रीत बुमराह की वापसी को लेकर कयास लगा रहे हैं। दरअसल, बुमराह इस समय एक गंभीर चोट से जूझ रहे हैं, और ऐसे में चैंपियंस ट्रॉफी से पहले उनके पूरी तरह फिट होने को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, जसप्रीत बुमराह की इंजरी को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है। दरअसल, बुमराह जल्द ही नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) में अपना रिहैबिलिटेशन शुरू करने वाले हैं। उनकी इंजरी पर मेडिकल टीम अगले 24 से 48 घंटे तक नजर बनाए रखेगी।

शुक्रवार को जसप्रीत बुमराह का NCA में स्कैन कराया गया था। इस रिपोर्ट को लेकर बीसीसीआई और मेडिकल टीम के बीच चर्चा हुई है। ऐसे में सभी के मन में यह सवाल है कि क्या जसप्रीत बुमराह चैंपियंस ट्रॉफी में खेलते हुए नजर आएंगे या नहीं। हालांकि, फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि बुमराह कुछ जिम वर्क और हल्की गेंदबाजी शुरू कर सकते हैं।

अगले 24 से 48 घंटे में उनके फिजिकल एक्टिविटी पर पूरी नजर रखी जाएगी

जानकारी के लिए बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी के स्क्वाड में जसप्रीत बुमराह का नाम शामिल किया गया है। हालांकि, बीसीसीआई ने उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर अर्शदीप सिंह का नाम भी रखा था, जिसके बाद अटकलें लगाई जा रही थीं कि बुमराह चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो सकते हैं। लेकिन अब उनका खेलना उनकी फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। अगले 24 से 48 घंटे में उनके फिजिकल एक्टिविटी पर पूरी नजर रखी जाएगी। रिपोर्ट्स की मानें तो बीसीसीआई जसप्रीत बुमराह के पूरी तरह फिट होने का पूरा इंतजार कर सकता है। अगर बुमराह के खेलने की 1% भी संभावना होती है, तो बीसीसीआई उनके लिए अंतिम समय तक इंतजार कर सकता है।

स्क्वाड में बदलाव करने की अंतिम तारीख 11 फरवरी

इससे पहले जसप्रीत बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भी स्क्वाड में शामिल किया गया था, लेकिन उनकी चोट को देखते हुए उनकी जगह वरुण चक्रवर्ती को टीम में लिया गया था। ऐसे में, अब यह सवाल भी उठ रहा है कि अगर बुमराह चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर होते हैं, तो क्या उनकी जगह अर्शदीप सिंह को मौका मिलेगा। बता दें कि आईसीसी की ओर से स्क्वाड में बदलाव करने की अंतिम तारीख 11 फरवरी तय की गई है। ऐसे में अब बीसीसीआई के पास केवल एक दिन का समय बचा है। फिलहाल, तेज गेंदबाज के तौर पर स्क्वाड में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और अर्शदीप सिंह का नाम शामिल है। हालांकि, हार्दिक पांड्या को एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज ऑलराउंडर के रूप में भी टीम में शामिल किया जा सकता है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews