T20 World Cup 2026: निकोलस पूरन ने ठुकराया वेस्टइंडीज बोर्ड का ऑफर, संन्यास से वापसी करने से किया इनकार

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले क्रिकेट वेस्टइंडीज को बड़ा झटका लगा है। बोर्ड के स्टार खिलाड़ी निकोलस पूरन को संन्यास से वापस लाने के प्रयास विफल हो गए हैं। पूरन ने बोर्ड के प्रस्ताव को ठुकराते हुए अपने फैसले पर कायम रहने की बात कही है।
T20 World Cup 2026: निकोलस पूरन ने ठुकराया वेस्टइंडीज बोर्ड का ऑफर, संन्यास से वापसी करने से किया इनकार

आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) को अपने स्टार खिलाड़ी निकोलस पूरन से बड़ा झटका लगा है। बोर्ड ने पूरन को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के लिए मनाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इस विस्फोटक बल्लेबाज ने संन्यास से वापस आने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। पूरन ने पिछले साल 29 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेकर सबको चौंका दिया था।

क्रिकेट वेस्टइंडीज के क्रिकेट निदेशक माइल्स बासकोम्बे ने इस बात की पुष्टि की है कि बोर्ड ने निकोलस पूरन से संपर्क किया था। बोर्ड का लक्ष्य 2026 में भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए एक मजबूत टीम तैयार करना है।

“टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज टीम का प्रतिनिधित्व सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी करें, इसके लिए हमने हर संभव प्रयास किया। हमने वापसी की संभावनाओं पर भी बात की, लेकिन निकोलस अपने फैसले पर कायम रहे।” — माइल्स बासकोम्बे

पूरन के इनकार से बोर्ड की टूटीं उम्मीदें

बासकोम्बे ने बताया कि पूरन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 को ध्यान में रखकर ही संन्यास का फैसला लिया था, इसलिए वापसी का कोई सवाल ही नहीं उठता। पूरन के इस फैसले से बोर्ड की उन उम्मीदों को झटका लगा हैं, जो उनकी शानदार फॉर्म को देखते हुए उन्हें टीम में वापस लाना चाहते थे। पूरन भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं, लेकिन वह दुनिया भर की टी20 लीग में लगातार सक्रिय हैं और बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।

वेस्टइंडीज को खलेगी ‘कम्प्लीट पैकेज’ की कमी

निकोलस पूरन को टी20 फॉर्मेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में गिना जाता है। वह अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी, शानदार फील्डिंग और विकेटकीपिंग कौशल के लिए जाने जाते हैं। उन्हें एक ‘कम्प्लीट पैकेज’ माना जाता है, जिनकी कमी टीम को निश्चित रूप से खलेगी। यह आश्चर्यजनक है कि जहां भारत के सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ियों ने 30 साल की उम्र के बाद अपना अंतरराष्ट्रीय करियर शुरू किया, वहीं पूरन ने 29 की उम्र में ही इसे अलविदा कह दिया।

भारत में खेलने का अनुभव

टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका में आयोजित होगा। वेस्टइंडीज की टीम ग्रुप सी में है, जिसके सभी मुकाबले भारत में खेले जाने हैं। पूरन ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलकर भारतीय पिचों पर काफी अनुभव हासिल किया है। हालांकि, अपने संन्यास के फैसले के कारण वह इस अनुभव का फायदा अपनी राष्ट्रीय टीम को नहीं दे पाएंगे। फिलहाल, वेस्टइंडीज ने वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम का ऐलान नहीं किया है और माना जा रहा है कि अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के बाद टीम की योजनाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews