एक तरफ भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज पूरी हो गई है तो दूसरी ओर पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज शुरू हो गई है। बता दें कि पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच लाहौर में पहला टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है। इसके तीसरे दिन शानदार खेल देखने को मिला है। हालांकि दक्षिण अफ्रीका की टीम जीत की ओर आगे बढ़ रही है, लेकिन तीसरे दिन कुल 16 विकेट गिरने से मुकाबला रोमांचक स्थिति में पहुंच गया है। दरअसल, पाकिस्तान ने पहली पारी में 378 रन बनाए थे, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में मात्र 269 रन बनाए थे। पाकिस्तान ने दूसरी पारी में बल्लेबाजी में निराश किया और टीम मात्र 167 रनों पर सिमट गई, जिसके चलते दक्षिण अफ्रीका की टीम को कुल 277 रनों का लक्ष्य दिया गया।
दरअसल, पाकिस्तान के लिए तीसरा दिन बेहद निराशाजनक रहा। पाकिस्तान की दूसरी पारी मात्र 46.1 ओवर में ही सिमट गई। पाकिस्तान की ओर से दूसरी पारी में सबसे ज्यादा रन बाबर आजम के बल्ले से निकले। बाबर ने 42 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। पाकिस्तान की दूसरी पारी में कप्तान शान मसूद मात्र 7 रन बनाकर पवेलियन की ओर लौट गए।
ये भी पढ़ें
कैसी रही पाकिस्तान की दूसरी पारी?
दक्षिण अफ्रीका की ओर से सेनुरन मुथुसामी ने पांच सफलताएं हासिल कीं, जबकि साइमन हार्मर ने चार महत्वपूर्ण विकेट लिए। वहीं, कागिसो रबाडा को एक महत्वपूर्ण विकेट मिला। सेनुरन मुथुसामी ने पाकिस्तान के किसी भी बल्लेबाज को क्रीज पर टिकने नहीं दिया। पाकिस्तान की दूसरी पारी में शफीक ने 41 रन बनाए। उन्होंने कुल 73 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके लगाए, जबकि इमाम-उल-हक शून्य पर आउट हो गए। हालांकि सऊद शकील ने 38 रनों की पारी खेलते हुए टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन अन्य कोई बल्लेबाज टिक नहीं सका। मोहम्मद रिजवान मात्र 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि सलमान अली आगा के बल्ले से भी सिर्फ 4 रन निकले, जिसके चलते पाकिस्तान की टीम मात्र 167 रनों पर ढेर हो गई।
दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए कुल 277 रनों का लक्ष्य मिला
वहीं, दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए कुल 277 रनों का लक्ष्य दिया गया था। तीसरे दिन के अंत तक दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 22 ओवर खेलकर 51 रन बनाए हैं, जबकि टीम के दो महत्वपूर्ण विकेट गिर चुके हैं। कप्तान एडेन मार्कराम मात्र 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि बेयरन हेंड्रिक्स शून्य के स्कोर पर आउट हुए। फिलहाल क्रीज पर रयान रिकेल्टन 29 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि टोनी डी ज़ोरज़ी 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। फिलहाल दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 226 रनों की जरूरत है। देखना दिलचस्प रहेगा कि क्या दक्षिण अफ्रीका की टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के नए चक्र में जीत के साथ शुरुआत करेगी।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11 पर डालें नजर
पाकिस्तान की प्लेइंग 11: इमाम-उल-हक, अब्दुल्ला शफीक, शान मसूद (कप्तान), बाबर आजम, सऊद शकील, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सलमान अली आगा, हसन अली, शाहीन अफरीदी, नोमान अली, साजिद खान
दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग 11: टोनी डी ज़ोरज़ी, रयान रिकेल्टन, वियान मुल्डर, एडेन मार्कराम (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, डेवाल्ड ब्रेविस, काइल वेरेन (विकेटकीपर), सेनुरन मुथुसामी, प्रेनेलन सुब्रायेन, कागिसो रबाडा, साइमन हार्मर