
न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप ए के आखिरी लीग मैच में 54 रनों से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। दरअसल इस हार के साथ ही पाकिस्तान और भारत दोनों ही टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। अब ग्रुप ए से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली न्यूजीलैंड दूसरी टीम बन गई है, जबकि भारत की सेमीफाइनल की संभावनाएं भी इसके साथ ही समाप्त हो गई हैं।
न्यूजीलैंड ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। हालांकि, टीम की शुरुआत खराब रही, लेकिन सलामी बल्लेबाज सूजी बेट्स ने 28 रन बनाकर टीम को मजबूत पकड़ दिलाई। वहीं मिडिल ओवर्स में ब्रुक हॉलिडे ने भी 22 रन बनाए, लेकिन पाकिस्तान की गेंदबाज नसरा संधू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए और न्यूजीलैंड के स्कोर को सीमित रखने में कामयाबी हासिल की। बता दें कि न्यूजीलैंड ने 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 110 रन बनाए, जो मैच को रोमांचक बनाने के लिए अच्छा स्कोर साबित हुआ।
56 रन पर ऑलआउट हुई पाकिस्तान की टीम
वहीं पाकिस्तानी टीम 111 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिसकी शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने अपने पहले 6 ओवरों में ही 5 अहम विकेट गवा दिए। इसके बाद कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक सका और पाकिस्तान की पूरी टीम 11.4 ओवर में सिर्फ 56 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। वहीं आलिया रियाज, इराम जावेद और सदाफ शम्स ने मिलकर केवल 5 रन का योगदान दिया, जिससे पाकिस्तान की टीम की स्थिति निराशाजनक रही। दरअसल न्यूजीलैंड की गेंदबाज ईडन कार्सन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 7 रन देकर 2 विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच की ट्रॉफी अपने नाम की।
शुरूआती मैच में न्यूजीलैंड के हाथ हार का सामना
वहीं न्यूजीलैंड ने इस जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है, जबकि भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। हालांकि अब यह देखना होगा इस ट्रॉफी पर कौन सी टीम कब्जा जमाती है। दरअसल भारत ने शुरूआती मैच में न्यूजीलैंड के हाथ हार का सामना किया जिससे भारत की शुरुआत इस टूर्नामेंट में निराशाजनक रही।
जानें क्या थी दोनों टीमों की प्लेइंग-11
पाकिस्तान की टीम: फातिमा सना (कप्तान), मुनिबा अली (विकेटकीपर), सिदरा अमीन, अमैमा सोहेल, निदा डार, सदाफ शम्स, आलिया रियाज, नसरा संधू, अरूब शाह, इराम जावेद और सादिया इकबाल।
न्यूजीलैंड की टीम : सोफी डिवाइन (कप्तान), सूजी बेट्स, जॉर्जिया प्लिमर, अमेलिया केर, ब्रुक हॉलिडे, मैडी ग्रीन, इसाबेल गेज (विकेटकीपर), ली ताहुहु, ईडन कार्सन, फ्रैन जोनस और रोजमेरी मैयर।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

